कोडरमा: कोडरमा के जयनगर प्रखण्ड स्तिथ खरियोडीह पंचायत के  गड़ीयाई बिरहोर टोला से एक साथ 10 बच्चों के लापता होने का मामला सामने आया हैं।  मामले की जानकारी देते हुए क्षेत्र के मुखिया राजेन्द्र यादव ने बताया कि एक फरवरी की रात गड़ियाई बिरहोर टोला से लोग परसाबाद एक श्राद्धकर्म में भोज खाने गए हुए थे और जब वे वापस लौटे तो देखा कि उनके बच्चे साथ में नहीं थे। इसके बाद अगले दिन उन्होंने इसकी सूचना मुखिया को दी। इसके बाद मामले की गंभीरता को देखते हुए इलाके के मुखीया राजेन्द्र यादव ने घटना की जानकारी जयनगर थाना प्रभारी उमानाथ सिंह को दी। इधर बच्चों के लापता होने की सूचना पर जयनगर पुलिस ने किसी भी प्रकार की गंभीरता नहीं दिखाई और उल्टा मुखिया को ही बच्चे की खोज-बिन में लगा दिया। वहीं इलाके के मुखिया राजेन्द्र यादव अपने स्तर से हर संभव बच्चों को ढूंढने का प्रयास किया लेकिन जब बच्चों का कहीं कुछ पता नहीं चला तो उन्होंने इसकी सूचना जयनगर के बीडीओ गौतम कुमार को दी। इसके बाद मामला जिले के वरीय पदाधिकारियों के संज्ञान में आया।  इधर मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रशिक्षु डीएसपी दिवाकर कुमार, तिलैया थाना प्रभारी विनय कुमार, चंदवारा थाना प्रभारी शशिभूषण कुमार के साथ उक्त गांव पहुंचे और पीड़ित परिवारों से मिलकर घटना की पूरी जानकारी ली। वहीं पुलिस द्वारा आसपास के क्षेत्रों में बच्चों की खोजबीन भी शुरू कर दी गई है। प्रशिक्षु डीएसपी दिवाकर कुमार ने बताया कि गडीयाई बिरहोर टोला के कुछ बच्चों के लापता होने की उन्हें सूचना मिली है।  परिजनों से पूछताछ करने पर पता चला हैं कि वे श्राद्ध का भोज खाने 1 फरवरी को परसाबाद आए हुए थे और घर वापस जाने के क्रम में लापता हो गए हैं। उन्होंने कहा कि बच्चों की तलाश की जा रही है। उन्होंने कहा कि गडयाई बिरहोर टोला के लोग परसाबाद से ट्रेन पकड़कर यदुडीह हॉल्ट उतककर अपने घर आना-जाना करते हैं। ऐसे में उन्हें संदेह है कि बच्चों द्वारा उल्टे रूट की ट्रेन पकड़ ली गई होगी और बच्चे धनबाद की ओर चले गए होंगे। परसाबाद के दोनों ओर स्थित स्टेशनों के सीसीटीवी फुटेज मंगवाए जा रहे हैं और जल्द ही बच्चों को ढूंढ लिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *