
लातेहार: नगर पंचायत के वार्ड संख्या 8 से राजू प्रसाद गुप्ता ने दिनांक 02 फरवरी 2026 को प्रथम नामांकन दाखिल किया।नामांकन के उपरांत उन्होंने वार्डवासियों को संबोधित करते हुए कहा कि यदि जनता ने उन्हें चुनाव में विजयी बनाया तो वार्ड संख्या 8 का सर्वांगीण विकास उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी।राजू प्रसाद गुप्ता ने घोषणा की कि वार्ड में एक वार्ड विकास केंद्र का निर्माण कराया जाएगा। साथ ही प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत जिन लाभुकों को अब तक किस्त की राशि नहीं मिली है, उन्हें वह राशि दिलाने का हरसंभव प्रयास किया जाएगा तथा जो लोग आवास योजना से वंचित हैं, उन्हें भी योजना का लाभ दिलाया जाएगा।
उन्होंने बताया कि जुबली रोड से बाजारटांड़ जाने वाले मार्ग में निर्मित नाली की नियमित सफाई कराई जाएगी। इसके अलावा वार्ड की सभी गलियों और मोहल्लों में प्रतिदिन झाड़ू लगवाकर साफ-सफाई सुनिश्चित की जाएगी। खराब पड़ी स्ट्रीट लाइटों को दुरुस्त कराया जाएगा तथा जिन घरों में अब तक पानी का कनेक्शन नहीं है, उन्हें नगर पंचायत बोर्ड से पारित कराकर निशुल्क जल कनेक्शन दिलाया जाएगा। साथ ही जिन मोहल्लों में पाइपलाइन नहीं है, वहां नई पाइपलाइन बिछाई जाएगी।


