लोहरदगा । जिले के भंडरा थाना क्षेत्र के चट्टी में शनिवार को हुए सड़क हादसे ने एक परिवार की उम्मीदें छीन लीं।बीमार परिजनों के लिए दवा लाने निकला 19 वर्षीय अमर लोहरा की जिंदगी सड़क पर ही थम गई,जिससे पूरा गांव गहरे शोक में डूब गया है।चरिमा पतरा टोली गांव निवासी अमर लोहरा अपने दो साथियों के साथ भंडरा चट्टी दवा लेने गया था।वापसी के दौरान ब्राह्मणडीहा के पास उनकी बाइक अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क से फिसलकर खेत में जा गिरी।हादसा इतना भयावह था कि अमर की मौके पर ही मौत हो गई,जबकि बाइक पर सवार अन्य दो युवक बाल-बाल बच गए।घटना की जानकारी मिलते ही भंडरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए लोहरदगा सदर अस्पताल भेजा।अस्पताल परिसर में शव पहुंचते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।पिता और भाई की चीख-पुकार से माहौल गमगीन हो गया।स्थानीय लोगों ने बताया कि अमर का परिवार पहले से ही दुखों से जूझ रहा था।बीते एक साल के भीतर परिवार में दो सदस्यों की मौत हो चुकी थी,और अब इस हादसे ने परिवार को पूरी तरह तोड़ दिया है।हादसे में घायल युवकों की पहचान बादल उरांव 18 वर्ष पिता प्रसाद उरांव और बजरंग सिंह 18 पिता रामाशीष सिंह के रूप में हुई है।दोनों को मामूली चोटें आई हैं और इलाज के बाद उन्हें घर भेज दिया गया।शनिवार दोपहर करीब 4 बजे पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।इस बीच भंडरा थाना के एएसआई रामदेव मोची ने लोगों से सड़क सुरक्षा को लेकर जागरूक करते हुए कहा कि हेलमेट पहनना और यातायात नियमों का पालन करना बेहद जरूरी है।इस हादसे के बाद चरिमा गांव सहित आसपास के इलाकों में शोक की लहर है।हर आंख नम है और हर जुबान पर सिर्फ एक ही सवाल इतनी छोटी सी लापरवाही ने एक जिंदगी क्यों छीन ली।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *