लातेहार : जिले के मनिका प्रखंड अंतर्गत सिंजो गांव में संचालित वीर भगत सिंह आवासीय विद्यालय में पढ़ने वाले एक छात्र की शुक्रवार शाम सदर अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतक की पहचान बलराम लोहरा के पुत्र उज्ज्वल लोहरा (11 वर्ष) के रूप में हुई है, जो बालूमाथ थाना क्षेत्र के मासियातु पंचायत के लच्छीपुर गांव का निवासी था। छात्र की मौत के बाद परिजनों ने विद्यालय प्रबंधन पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है। मृतक के पिता बलराम लोहरा व अनिता देवी ने बताया कि एक दिन पहले ही मोबाइल पर बेटे से बातचीत हुई थी। नए साल पर पिकनिक के लिए उसने 300 रुपये मांगे थे, लेकिन पैसे नहीं दिए गए थे। उज्ज्वल पिछले दो वर्षों से उक्त आवासीय विद्यालय में पढ़ रहा था।जिसके बदले हर महीने 2200 रुपये शुल्क दिया जाता था।इसके बावजूद विद्यालय प्रबंधन ने बच्चे की तबीयत खराब होने की जानकारी समय पर नहीं दी। उन्होंने बताया कि शुक्रवार दोपहर अचानक फोन कर बच्चे की हालत खराब होने की सूचना दी गई। परिजन उसे लेकर सदर अस्पताल पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद खून की कमी बताते हुए ब्लड चढ़ाने की सलाह दी। ब्लड की व्यवस्था के दौरान ही बच्चे ने दम तोड़ दिया। इधर, सूचना मिलने पर पंचायत समिति सदस्य उषा देवी सदर अस्पताल पहुंचीं और विद्यालय प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि जिले में बिना लाइसेंस के कई विद्यालय संचालित हो रहे हैं और जिम्मेदार पदाधिकारी आंख मूंदे बैठे हैं। समय पर इलाज कराया गया होता तो एक मासूम की जान बचाई जा सकती थी।वहीं, आवासीय विद्यालय संचालक सत्येंद्र यादव ने कहा कि उन्हें पहले उज्वल की बीमारी की जानकारी नहीं थी, इसी कारण समय पर इलाज नहीं हो सका। उन्होंने बताया कि जब बच्चे की तबीयत खराब होने की जानकारी मिली तो उसे मनिका अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने आगे रेफर करने की सलाह दी। इसके बाद परिजनों को सूचित कर बच्चे को अस्पताल भेजा गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *