रांची नव वर्ष 2026 की शुरुआत झारखंड की लाखों महिलाओं के लिए खुशखबरी लेकर आई है. राज्य सरकार ने मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना के तहत रांची जिले की महिलाओं को दिसंबर माह की सम्मान राशि का भुगतान कर उन्हें नव वर्ष का विशेष उपहार दिया है. इस योजना के अंतर्गत रांची जिला की कुल 3 लाख 91 हजार 578 लाभुक महिलाओं के बैंक खातों में आधार आधारित डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के माध्यम से प्रति लाभुक 2,500 रुपये की दर से कुल 97 करोड़ 89 लाख 45 हजार रुपये की राशि हस्तांतरित की गई है. इस भुगतान से जिले की महिलाओं को न सिर्फ आर्थिक सहयोग मिला है, बल्कि सरकार की उस प्रतिबद्धता को भी बल मिला है. जिसके तहत महिलाओं को आत्मनिर्भर और सशक्त बनाने का लक्ष्य रखा गया है. दिसंबर माह की यह राशि सीधे लाभुकों के खातों में पहुंचने से पारदर्शिता सुनिश्चित हुई है और किसी भी प्रकार की बिचौलिया व्यवस्था समाप्त हुई है. रांची जिले के ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों में योजना का व्यापक लाभ देखने को मिला है. सबसे अधिक लाभुक कांके प्रखंड से 31,676 रहे, जबकि सदर शहरी क्षेत्र में 24,892 महिलाओं को योजना का लाभ मिला. इसके अलावा मांडर प्रखंड में 23,239, सिल्ली में 21,312, बेड़ो में 20,696 और चान्हो में 19,813 लाभुकों के खातों में राशि भेजी गई. इसी तरह नगड़ी, रातू, ओरमांझी, तमाड़, बुढ़मू, सोनाहातू और नामकुम जैसे प्रखंडों में भी हजारों महिलाओं को सम्मान राशि का लाभ मिला है. शहरी क्षेत्रों में अरगोड़ा, बड़गाईं, हेहल, कांके नगर क्षेत्र, नगड़ी शहरी क्षेत्र, नामकुम शहरी क्षेत्र और बुंडू नगर पंचायत में भी बड़ी संख्या में लाभुक शामिल हैं. रांची उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी मंजूनाथ भजंत्री ने कहा कि नववर्ष नई उम्मीदों और सकारात्मक बदलाव का प्रतीक होता है. जिला प्रशासन की प्राथमिकता है कि राज्य सरकार की सभी कल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक समय पर और पूरी पारदर्शिता के साथ पहुंचे. मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना के माध्यम से महिलाओं को आर्थिक संबल प्रदान कर उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में सार्थक प्रयास किया जा रहा है।

हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए नीचे लिंक पर क्लिक करें।

https://chat.whatsapp.com/JFw1xz8Rrz33p6cdtYJXaT

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *