
रामगढ़ । रामगढ़ थाना क्षेत्र के कृष्णापुरी मोहल्ले में स्थित धंधार पोखर तालाब क्षेत्र के पास से पुलिस ने तीन माह से लापता सोनू राम के कंकाल के रूप में हड्डियों के कई टुकड़ों को बरामद किए, जिसके बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई. मोहल्ले में भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई और घटना के बाद परिजन और ग्रामीण आक्रोशित हो गए. पीड़ित परिवार को न्याय, हक, अधिकार व मुआवजा की मांग को लेकर सैकड़ों की संख्या में आक्रोशित लोगों ने रामगढ़ मेन रोड सुभाष चौक को पूरी तरह जाम कर दिया. रामगढ़ थाना क्षेत्र के कृष्णापुरी मोहल्ले (शिबू कॉलोनी) में रंजीत सिंह उर्फ नाना नाम के युवक को लेकर गुरुवार को पुलिस धंधार पोखर के पास पहुंची और फिर उस स्थान से देर रात कपड़े और शरीर की कुछ हड्डियां नरकंकाल के रूप में मिलीं. इसके बाद पुलिस ने कपड़े और बरामद कंकाल, सिरिंज, कारतूस को प्लास्टिक के काले बैग में इकट्ठा कर अपने साथ थाना ले गई. पुलिस ने मोहल्ले के एक घर के अंदर कुएं में मोटर लगाकर कुएं का पानी निकलवाया और कई अन्य सामान बरामद किए. पूरी कार्रवाई दूसरे दिन शुक्रवार को करीब 11:00 बजे तक चली. जब परिजन पूरी तरह आश्वस्त हो गए कि सोनू राम की हत्या रंजीत सिंह ने कर दी है, तब परिजन और ग्रामीणों का आक्रोश सड़क पर देखने को मिला. परिजनों और ग्रामीणों ने रामगढ़ शहर के सुभाष चौक को चारों ओर से पूरी तरह जाम कर दिया और न्याय के साथ मुआवजे की मांग करने लगे. पूरे मामले की गंभीरता को देखते हुए रामगढ़ अनुमंडल पदाधिकारी के साथ-साथ भारी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंचा. ग्रामीणों और परिजनों को एसडीओ अनुराग तिवारी ने समझा-बुझाकर जाम खत्म कराया. अनुमंडल पदाधिकारी अनुराग तिवारी ने बताया कि धंधार पोखर के पास लापता युवक का नरकंकाल बरामद हुआ है, कुछ कपड़े भी बरामद हुए हैं।


