
रांची। झारखंड में ठंड का कहर लगातार जारी है। प्रदेश के कई जिले शीतलहर की चपेट में है। बर्फीली सर्द हवाओं ने लोगों का हाल बेहाल किया हुआ है। मौसम विभाग के अनुसार अगले दो-तीन दिनों तक यह स्थिति लगातार बनी रहेगी। मौसम विभाग के अनुसार आज गुमला, रांची, लोहरदगा, लातेहार, कोडरमा, चतरा व सिमडेगा का न्यूनतम तापमान 5 से 7 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। मौसम विभाग के अनुसार आज भी लोगों को काफी बचकर रहने की जरूरत है, क्योंकि थोड़ी सी भी बर्फीली हवा लगने पर बीमार होने का खतरा है। वहीं, राज्य में ठंड का आलम यह है कि लोगों ने मॉर्निंग वॉक करना बंद कर दिया है। शाम के 5:00 बजे के बाद ही वे घर के भीतर दुबकने लगे हैं, जिससे सड़कों पर सन्नाटा पसरा हुआ है। रात में एक की जगह दो-दो रजाई ओढ़कर सोना पड़ रहा है। तेज ठंड के असर से आम जनजीवन प्रभावित है। रात में रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और सड़कों पर यात्रियों व रिक्शा चालकों को सबसे अधिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मौसम विभाग के अनुसार, झारखंड के कई जिलों में शीतलहर की स्थिति बनी हुई है। फिलहाल, पिछले 24 घंटों में तापमान में बड़ी कमी देखी गई है। राजधानी रांची का न्यूनतम तापमान 8.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, तो मेदिनीनगर (पलामू) का न्यूनतम तापमान 6.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। रांची के कांके का न्यूनतम तापमान 3.2 डिग्री दर्ज किया गया है, जो झारखंड में सबसे कम है।


