
चैनपुर(पलामू): ग्रामीण विकास विभाग के निर्देशानुसार झारखंड स्टेट लाइवलीहुड प्रमोशन सोसाइटी (जेएसएलपीएस) की ओर से संचालित जेंडर अभियान 4.0 के तहत चैनपुर थाना परिसर में समूह, ग्राम संगठन एवं क्लस्टर स्तर पर जागरूकता कार्यक्रम हुआ। कार्यक्रमों में जेंडर समानता, महिलाओं के अधिकार, बालिका शिक्षा, घरेलू हिंसा की रोकथाम, समाज में महिलाओं की नेतृत्व भूमिका, और लैंगिक भेदभाव समाप्त करने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की गई। प्रतिभागियों को खेल, समूह चर्चा, पोस्टर संदेश, प्रश्नोत्तर और संवाद सत्रों के माध्यम से जेंडर संवेदनशीलता की ओर प्रेरित किया गया। अंत में सभी प्रतिभागियों को समानता, सम्मान और सहयोग के साथ समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने की शपथ दिलाई गई। महिलाओं ने इस अभियान को आत्मविश्वास बढ़ाने, अपने अधिकारों की पहचान और सामाजिक भागीदारी को प्रोत्साहित करने वाला कदम बताया। अभियान से जुड़े अधिकारियों ने कहा कि जेंडर अभियान 4.0 का उद्देश्य ग्रामीण समुदायों में सोच और व्यवहार में सकारात्मक बदलाव लाकर महिलाओं को आर्थिक, सामाजिक और निर्णय-क्षमता की भूमिका में सशक्त बनाना है। कार्यक्रम में महिला समूह की बड़ी संख्या में दीदियां, थाना प्रभारी श्रीराम शर्मा और स्थानीय लोगों ने भाग लिया। सभी ने इस पहल को महिला सशक्तिकरण की दिशा में सराहनीय प्रयास बताया।


