
पलामू: पलामू प्रमंडल के सबसे बड़े शहर मेदिनीनगर को जाम से निजात मिलने वाली है. मेदिनीनगर और चैनपुर के बीच कोयल नदी पर एक नया पुल बनाया जाएगा. सोमवार को हुई कैबिनेट बैठक में झारखंड सरकार ने मेदिनीनगर में कोयल नदी पर एक नया पुल बनाने को मंजूरी दे दी है. कैबिनेट ने करीब 64 करोड़ रुपए नए पुल के लिए मंजूर किया है. कोयल नदी पर पुल को लेकर स्थानीय विधायक आलोक चौरसिया कई बार विधानसभा में आवाज उठा चुके थे. कैबिनेट से पुल को मंजूरी मिलने को लेकर विधायक आलोक चौरसिया ने बताया कि यह पुल बनने से इलाके के लोगों को जाम की समस्या से निजात मिलेगी। उन्होंने कैबिनेट द्वारा पुल को स्वीकृत किए जाने के लिए सरकार, स्थानीय मंत्री एवं सांसद को वह धन्यवाद एवं बधाई दिए. विधायक ने कहा कि जब भी वे क्षेत्र में जाते थे तो लोग नए पुल की मांग रखते थे. अब सरकार ने पुल को मंजूरी दे दी है और कैबिनेट में राशि स्वीकृत कर दिया है.


