
रांची। JSSC यानी झारखंड कर्मचारी चयन आयोग ने संयुक्त स्नातक स्तरीय प्रतियोगिता परीक्षा (CGL) 2023 का परिणाम सोमवार को जारी कर दिया। लंबे इंतजार के बाद अभ्यर्थियों ने राहत की सांस ली। परिणाम की घोषणा हाई कोर्ट से मिली अनुमति के बाद की गई। कोर्ट ने पेपर लीक मामले में लगी रोक हटा दी थी, जिससे आयोग को रिजल्ट जारी करने का रास्ता मिल गया। अदालत ने कहा था कि चयन प्रक्रिया को आगे बढ़ाने में अब कोई बाधा नहीं है। आदेश मिलते ही आयोग ने अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर परिणाम प्रकाशित कर दिया। सुबह तक अभ्यर्थियों में स्थिति साफ नहीं थी, लेकिन दोपहर होते ही वेबसाइट पर नतीजे उपलब्ध हो गए। CGL 2023 परीक्षा में शामिल हजारों उम्मीदवार अब मेरिट और अगले चरण की प्रक्रिया देख सकते हैं। आयोग जल्द ही दस्तावेज़ सत्यापन और अन्य औपचारिकताओं का कार्यक्रम जारी करेगा। अभ्यर्थियों से सलाह दी गई है कि वे आयोग की वेबसाइट पर नियमित रूप से अपडेट देखते रहें। जिन परीक्षार्थियों ने कई महीनों से परिणाम की प्रतीक्षा की, उनके लिए आज का दिन राहत भरा रहा। हाई कोर्ट के आदेश ने न केवल परिणाम जारी करने की अनुमति दी, बल्कि चयन प्रक्रिया को पूरी गति से आगे बढ़ाने का रास्ता भी साफ किया है।


