
लातेहार : झालसा के निर्देशानुसार एवं जिला के प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश मनोज कुमार सिंह के आदेशानुसार वृद्धा आश्रम डूडंगी कला, लातेहार में जिला विधिक सेवा प्राधिकार की और से जिला प्रशासन की मदद से मिठाई, फल और कंबल बांटा गया।साथ ही जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जागरूकता कार्यक्रम का ऑनलाइन उद्घाटन उच्च न्यायालय के न्यायाधीश-सह-झालसा के कार्यकारी अध्यक्ष सुजीत नारायण प्रसाद ने किया।कार्यक्रम में लोगों को संबोधित करते हुए प्रसाद ने वृद्धजनों से कहा कि आपकी सहायता के लिए झारखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकार एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकार हमेशा आपके साथ है।
आपकी हर तरह से मदद करने के लिए प्राधिकार तत्पर है। उन्होने वृद्धजनों को यह भी कहा कि अगर आपको प्राधिकार से कोई मदद चाहिए, तो प्राधिकार को आवेदन भेजें, उसपर त्वरित कार्रवाई की जायेगी। प्रसाद ने वृद्धजनों को ठंड से बचकर रहने और सही समय पर खाने एवं समय-समय पर अपना मेडिकल चेकअप कराने की सलाह दी।मौके पर जिला विधिक सेवा प्राधिकार, लातेहार के सचिव शिवम चौरसिया ने बताया कि जिला प्रशासन के सहयोग से ओल्ड एज होम के लिए एक डाॅक्टर की नियुक्ति की गई है, जो समय-समय पर यहां उपस्थित वृद्धजनों का चेकअप करते हैं, तथा दवाइंया उपलब्ध कराते हैं।
इसके साथ उन्होने वृद्धा आश्रम में मिलने वाली सुविधाओं के बारे में जानकारी ली साथ ही वहां मौजूद वृद्धजनों को और अच्छी सुविधा एवं हर जरूरी की सामान मिले इसके लिए दिशा-निर्देश भी दिये।


