
हुसैनाबाद । हुसैनाबाद प्रखंड के देवरी खुर्द पंचायत सचिवालय में सेवा का अधिकार सप्ताह के तहत आयोजित शिविर में शुक्रवार को बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंचे। कार्यक्रम का उद्घाटन प्रखंड प्रमुख राजकुमारी देवी, बीडीओ सुनील वर्मा, सीओ पंकज कुमार और मुखिया ममता देवी ने संयुक्त रूप से किया।
ग्रामीणों की समस्याओं के समाधान और योजनाओं के लाभ के लिए विभिन्न विभागों के स्टॉल लगाए गए थे, जहां अधिकारियों ने आवेदन लेकर रजिस्ट्रेशन किया। सावित्रीबाई फुले किशोरी समृद्धि योजना, अबुआ आवास, सर्वजन पेंशन, मईंया सम्मान योजना तथा केसीसी के सर्वाधिक आवेदन प्राप्त हुए।
दर्जनों लोगों का आयुष्मान कार्ड रजिस्ट्रेशन भी किया गया। मुखिया ममता देवी ने कहा कि एक ही स्थान पर सभी सेवाएं मिलने से ग्रामीणों को बड़ी सुविधा हो रही है। कार्यक्रम को सफल बनाने में जनप्रतिनिधियों और कर्मियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।


