
धनबाद । जिले के बाघमारा अनुमंडल स्थित तेलमच्चो में दामोदर नदी में कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर स्नान करने गए पांच युवकों में से दो डूब गए। इस घटना में तीन अन्य युवकों को स्थानीय लोगों ने सुरक्षित बचा लिया। एक युवक का शव बरामद कर लिया गया है, जबकि दूसरे लापता युवक की तलाश जारी है। यह घटना महुदा थाना क्षेत्र में हुई। स्थानीय लोगों और प्रशासन की टीम ने तत्काल बचाव अभियान शुरू किया। सूचना मिलते ही राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (NDRF) की टीम भी रांची से घटनास्थल के लिए रवाना हो गई है, जो लापता युवक की खोजबीन में मदद करेगी। कार्तिक पूर्णिमा के मौके पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु दामोदर नदी में स्नान के लिए एकत्रित हुए थे। पुलिस और प्रशासन की टीम घटनास्थल पर मौजूद है और पूरे मामले की जांच कर रही है। हादसे की जानकारी मिलते ही युवकों के परिजन मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने बरामद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।


