पलामू । पलामू में खरना के अवसर पर सोन नदी नहाने गए तीन युवकों की मौत से पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है। हुसैनाबाद थाना क्षेत्र के पोखराही गांव के समीप सोन नदी में डूबे तीनों युवकों के शव बरामद कर लिए गए हैं। घटना रविवार की दोपहर हुई थी, जब युवक खरना स्नान के लिए नदी में उतरे थे। तभी गहरे पानी में चले गए। मृतकों की पहचान बिहार के शेरघाटी निवासी अंकुश पासवान (22), नवीनगर के इटवा निवासी आदर्श चंद्रवंशी (22) और पोखराही गांव के रजनीश चंद्रवंशी (23) के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, नदी में डूबने की घटना के बाद प्रशासन और स्थानीय गोताखोरों की टीम ने देर रात तक खोज अभियान चलाया। अंकुश और आदर्श के शव रविवार देर शाम बरवाडीह गांव के सामने से मिले, जबकि तीसरे युवक रजनीश का शव सोमवार सुबह करीब 7 बजे दंगवार के डुमरहथा गांव के पास सोन नदी से बरामद किया गया। हुसैनाबाद के सीओ पंकज कुमार ने बताया कि रजनीश का शव पानी में तैरता हुआ दिखाई दिया। जिसके बाद उसे बाहर निकाला गया। तीनों शवों को एंबुलेंस से अनुमंडलीय अस्पताल हुसैनाबाद भेजा गया, जहां पोस्टमॉर्टम की प्रक्रिया पूरी की जा रही है। जानकारी के मुताबिक रविवार को खरना के दिन तीनों युवक अपने कुछ दोस्तों के साथ सोन नदी में नहाने गए थे। इसी दौरान नहाते-नहाते वे गहरे पानी में चले गए और डूब गए। घटना की खबर मिलते ही ग्रामीणों ने शोर मचाया और स्थानीय गोताखोरों को बुलाया गया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। हुसैनाबाद एसडीपीओ एस. मोहम्मद याक़ूब, अंचल अधिकारी पंकज कुमार और दंगवार ओपी प्रभारी सोनू गुप्ता मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। नदी किनारे ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई थी। अब घटना के बाद से पोखराही गांव में मातम पसरा है। वहीं प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि त्योहारों के दौरान नदी या तालाब में नहाते समय सावधानी बरतें और गहरे पानी में न जाएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *