
सिमडेगा । झारखंड के सिमडेगा में दर्दनाक घटना सामने आई है। यहां के बानो प्रखंड के निमतुर में तालाब में डूबने से तीन मासूम बच्चियों की मौत हो गई। घटना रविवार के शाम की है। बताया गया कि परिजन घर पर नहीं थे तब तीनों बच्चियां तालाब में नहाने गई थीं। तालाब में नहाने के दौरान यह दुखद घटना घटी। जब परिजन देर शाम घर लौटे और बच्चियों का पता नहीं चला, तो उन्होंने उनकी खोज शुरू की। इसी दौरान एक बच्ची तालाब के पानी में तैरती हुई देखी गई। तुरंत ही अन्य दो बच्चियों को भी तालाब से बाहर निकाला गया। सभी को सीएचसी लाया गया। जहाँ चिकित्सको ने तीनों को मृत घोषित कर दिया। मृतकों की पहचान खुश्बू कुमारी (6 वर्ष) प्रमिका कुमारी (5 वर्ष) और सीमा कुमारी (7 वर्ष) के रूप में हुई। घटना की जानकारी मिलते ही जिप सदस्य बिरजो कंडुलना देर रात अस्पताल पहुँचे और परिजनों से मिलकर उन्हें ढांढस बंधाया। इधर सूचना के आलोक में पुलिस शव कोअपने कब्जे में ले लिया है। सोमवार को शव का पोस्टमार्टम के लिए सिमडेगा सदर अस्पताल भेजेगी। स्थानीय लोग और परिजन इस हादसे से गहरे स्तब्ध हैं। घटना के बाद क्षेत्र में मातम पसरा हुआ है। इस तरह के एक और हादसे में पलामू के हुसैनाबाद की नदी में डूबने से तीन युवकों की मौत हो गई। तीनों युवकों के शवों को बरामद कर लिया गया है। इस घटना की जानकारी देते हुए पुलिस ने बताया कि दो युवकों का शव रविवार देर रात मिला था, जबकि तीसरे का शव सोमवार सुबह बरामद किया गया है। पुलिस ने बताया कि गोताखोरों की टीम ने बिहार के शेरघाटी के रहने वाले अंकुश पासवान और नवीनगर के रहनेवाले आदर्श चंद्रवंशी का शव बरवाडीह गांव के सामने नदी में बरामद किया। इसके बाद हुसैनाबाद के पथरही के रहनेवाले रजनीश चंद्रवंशी का शव डुमरहथा गांव के पास सोन नदी में बरामद हुआ है। घटना की जानकारी देते हुए सीओ पंकज कुमार ने बताया कि शवों की पुष्टि कर ली गई है और उन्हें पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।


