घाटशिला । पूर्वी सिंहभूम में घाटशिला विधानसभा उपचुनाव को लेकर नामांकन का दौर मंगलवार को समाप्त हो गया। नामांकन के अंतिम दिन कुल 10 प्रत्याशियों ने नामांकन पर्चा भरा। नामांकन के अंतिम दिन पर्चा भरने वालों में भारत आदिवासी पार्टी के पंचानन सोरेन, जेकेअएलएम पार्टी से रामदास मुर्मू, निर्दलीय प्रत्याशी विकास हेम्ब्रम, निर्दलीय प्रत्याशी मनोज कुमार सिंह, निर्दलीय प्रत्याशी बसंत कुमार टोपनो, राष्ट्रीय सनातन पार्टी से मंगल मुर्मू, निर्दलीय प्रत्याशी विक्रम किस्कु, निर्दलीय प्रत्याशी रामकृष्ण कांति माहली, निर्दलीय प्रत्याशी मालती टुडू एवं आपकी विकास पार्टी से दुखीराम मार्डी ने निर्वाची पदाधिकारी के समक्ष नामांकन दाखिल किया। इस तरह 13 अक्तूबर से शुरू हुए नामांकन का दौर 21 अक्तूबर तक चला और अंतिम दिन तक 10 प्रत्याशियों ने नामांकन पर्चा दाखिल किया। जबकि कुल 17 प्रत्याशियों ने नामांकन पर्चा खरीदा और सभी प्रत्याशी ने नामांकन किया। नामांकन भरने वाले 17 प्रत्याशियों का नामांकन पत्र सही रहा तो ये सभी चुनाव मैदान में अपनी किस्मत आजमायेंगे। बुधवार को नामाकंन पत्र की जांच होगी और शुक्रवार को प्रत्याशी अपना नाम वापस ले सकते हैं। इस तरह से पिछले 9 दिनों में नामांकन पर्चा दाखिल करने वाले प्रत्याशियों की संख्या- 17 है। मंगलवार को नामांकन पत्र खरीदने वाली प्रत्याशी मालती टुडू अंतिम महिला रहीं। उन्होंने नामांकन पर्चा खरीदा और नामांकन भी किया। देर शाम तक चला नामांकन अंतिम दिन कुल नौ नामांकन संभावित थे, क्योंकि शनिवार तक कुल 16 लोगों ने नामांकन पत्र खरीदे थे। हालांकि, रविवार को भी एक नामांकन पत्र की बिक्री हुई जिसके कारण संख्या बढ़कर 10 हो गई। नामांकन की संख्या 10 हो जाने की वजह से अंतिम दिन तीन बजे के बाद तक इसकी प्रक्रिया चली।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *