
पटना। बिहार विधानसभा चुनाव में आज (गुरुवार) का दिन बेहद अहम है. पहले चरण के नामांकन की आखिरी तारीख कल अर्थात (शुक्रवार को है) है और आज कई दिग्गज उम्मीदवार पर्चा दाखिल करने वाले हैं. तेजस्वी यादव ने बुधवार को नामांकन दाखिल किया था, अब एनडीए के बड़े चेहरे मैदान में उतर रहे हैं. सूत्रों के मुताबिक, मुंगेर की तारापुर सीट से बीजेपी नेता सम्राट चौधरी आज नामांकन करने जा रहे हैं. वहीं, समस्तीपुर के सरायरंजन सीट से जेडीयू के दिग्गज मंत्री विजय चौधरी भी पर्चा दाखिल करेंगे. जदयू की तरफ से गुरुवार को दूसरी लिस्ट भी जारी कर दी गई. इसके साथ ही जनता दल यूनाइटेड ने अपने सभी 101 उम्मीदवारों के नाम का ऐलान कर दिया है. दूसरी ओर, कई दलों में टिकट बंटवारे को लेकर घमासान जारी है. कई सीटों पर बागी तेवर और विरोध के सुर सुनाई दे रहे हैं. जेडीयू और बीजेपी के भीतर भी टिकट को लेकर असंतोष की खबरें सामने आ रही हैं. राजनीतिक हलचल के बीच पटना से लेकर दिल्ली तक बैठकों का दौर जारी है. कल तक नामांकन की डेडलाइन है, इसलिए आज का दिन चुनावी सरगर्मी और सियासी बयानबाज़ी से भरा रहेगा.



