टोरी रेलवे साइडिंग गोलीबारी में दोनों की संलिप्तता उजागर

लातेहार:पुलिस ने कुख्यात अपराधी राहुल दुबे गैंग के दो सक्रिय अपराधियों को हथियार और विस्फोटक के साथ गिरफ्तार किया है। दोनों पर टोरी रेलवे साइडिंग में हाल ही में हुई गोलीबारी एवं बमबारी की घटना में शामिल होने का आरोप है। गिरफ्तार अपराधियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
शनिवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय सभागार में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) अरविंद कुमार ने बताया कि लातेहार एसपी कुमार गौरव को गुप्त सूचना प्राप्त हुई थी कि राहुल दुबे गैंग के कुछ सदस्य ग्राम परसही स्थित डगडगी पुल के पास किसी बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने की योजना बना रहे हैं। सूचना के आधार पर एसपी के निर्देश पर एसडीपीओ अरविंद कुमार के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया।टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना स्थान पर छापेमारी की, जहां से गैंग के दो सदस्य अवधेश यादव और उपेंद्र यादव को मौके से गिरफ्तार किया गया। तलाशी के दौरान पुलिस ने उनके पास से एक देशी पिस्तौल, एक जिंदा कारतूस (8 एमएम), दो सुतली बम और तीन मोबाइल फोन बरामद किए।एसडीपीओ अरविंद कुमार ने बताया कि प्राथमिक पूछताछ में दोनों अपराधियों ने टोरी कोयला साइडिंग में हुई गोलीबारी की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। इस घटना में एनटीपीसी में कार्यरत एक कर्मी को गोली लगी थी। पुलिस जांच में यह भी स्पष्ट हुआ कि इस कांड में साजना अंसारी उर्फ संजू भी शामिल था। जिसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।उन्होंने कहा कि लातेहार पुलिस संगठित अपराध और गैंगस्टर गतिविधियों के विरुद्ध सख्त अभियान चला रही है। जिले में किसी भी आपराधिक तत्व को बख्शा नहीं जाएगा।छापेमारी दल में एसडीपीओ अरविंद कुमार, चंदवा थाना प्रभारी रणधीर कुमार, अजीत कुमार, राकेश कुमार महतो, श्रवण कुमार, सरोज कुमार सिंह समेत सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *