चाईबासा। झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिला के घने सारंडा जंगल से फिर नक्सल हिंसा हो गई। देर शाम जराईकेला थाना क्षेत्र के सामठा के बाबूडेरा इलाके में नक्सलियों ने सुरक्षा बलों के काफिले को निशाना बनाते हुए आईईडी ब्लास्ट कर दिया। दरअसल, सारंडा के घने जंगल में हुए आईईडी विस्फोट में सीआरपीएफ 60वीं बटालियन के जवान गंभीर रूप से घायल हो गए थे। इलाज के दौरान हेड कांस्टेबल (जीडी) महेंद्र लश्कर ने बीती रात वीरगति प्राप्त की। शहीद जवान असम के रहने वाले थे। वहीं, इंस्पेक्टर (जीडी) केके मिश्रा और एएसआई (जीडी) रामकृष्ण गगराई घायल अवस्था में अपोलो अस्पताल, राउरकेला में भर्ती हैं, जहां उनका इलाज चल रहा है। दोनों की स्थिति अब खतरे से बाहर बताई जा रही है। घायल जवान रामकृष्ण गागराई खरसावां के विधायक दशरथ गागराई के भाई हैं। सीआरपीएफ अधिकारियों ने बताया कि घायलों को बेहतर इलाज उपलब्ध कराया जा रहा है। वहीं, शहीद जवान महेंद्र लश्कर के निधन पर पूरे बल में शोक की लहर है। वरिष्ठ अधिकारियों ने कहा कि जवान का बलिदान व्यर्थ नहीं जाएगा। घटना की जांच जारी है, और सुरक्षा बलों ने इलाके में सर्च अभियान तेज कर दिया है। पश्चिमी सिंहभूम जिले के सारंडा जंगल में नक्सलियों और सुरक्षाबलों के बीच शुक्रवार की देर शाम मुठभेड़ हुई, जहां सुरक्षाबल नक्सली गतिविधियों पर नजर रखने और सक्रिय अभियानों के लिए मौजूद थे। इस दौरान कई राउंड फायरिंग हुई और कुछ जवान घायल हो गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *