
गिरिडीह। प्रतिबंधित नक्सली संगठन भाकपा माओवादी को गिरिडीह पुलिस ने माओवादियों के चल रहे प्रतिरोध सप्ताह के पहले दिन जोरदार झटका दिया है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की भाकपा माओवादियों से बातचीत से इंकार करने एवं हाल के दिनों में मुठभेड़ में अपने साथियों के मारे जाने से आक्रोशित माओवादियों का प्रतिरोध सप्ताह बुधवार से शुरू हुआ है। यह सप्ताह 14 अक्टूबर तक चलेगा। 15 अक्टूबर को माओवादियों ने झारखण्ड समेत छह राज्यों में बंद बुलाया है। इस बीच गिरिडीह पुलिस ने माओवादियों के दो सक्रिय सदस्य को आत्मसमर्पण कराने में सफल हुई है। भाकपा (माओवादी) एरिया कमेटी सदस्य 25 वर्षीय शिवलाल हेम्ब्रम उर्फ शिवा एवं उसकी पत्नी भाकपा माओवादी की दस्ता सदस्य 19 वर्षीया सरिता हांसदा उर्फ उर्मिला ने बुधवार को गृह कारा एवं आपदा प्रबंधन विभाग के अंतर्गत गठित गिरिडीह जिला स्तरीय स्क्रीनिंग कमेटी के सदस्यों के समक्ष बुधवार को आत्मसमर्पण कर दिया। शिवा मधुबन थाना क्षेत्र के टेसाफूली गांव का निवासी है, जबकि उर्मिला का मायके खुखरा थाना क्षेत्र के चतरो में है। दोनों नक्सली पारसनाथ जोन में सक्रिय थे। दोनों ने झारखंड सरकार के आत्मसमर्पण और पुनर्वास नीति नई दिशा-एक नई पहल से प्रभावित होकर आत्मसमर्पण किया है। नक्सली दंपत्ति ने डीसी रामनिवास यादव, एसपी डॉ बिमल कुमार, सीआरपीएफ डीआईजी अमित कुमार, सीआरपीएफ 154 बटालियन के कमांडेंट, एएसपी अभियान सुरजीत, एसडीपीओ सुमित कुमार, डुमरी पुलिस निरीक्षक राजेंद्र प्रसाद एवं अन्य पुलिस पदाधिकारी की उपस्थिति में समर्पण किया। गिरिडीह के डीसी एवं एसपी ने दोनों का स्वागत पुलिस लाइन में किया। मुख्यधारा में शामिल होकर आत्मसमर्पण नीति का उठाए लाभ : डीआईजी इस दौरान डीआईजी सीआरपीएफ 154 बटालियन अमित कुमार सिंह ने सरकार की आत्मसमर्पण और पुनर्वास नीति की प्रशंसा की। कहा कि इसमें काफी लाभ हैं। नक्सली समाज की मुख्यधारा में शामिल होकर इस अच्छी पॉलिसी का लाभ उठायें। डीसी रामनिवास यादव ने कहा कि मुख्यधारा से भटक गए लोग वापस आयें। झारखंड सरकार की आत्मसमर्पण नीति काफी बेहतर है और इसका लाभ उठायें। एसपी डॉ बिमल कुमार ने झारखंड सरकार की आत्मसमर्पण और पुनर्वास नीति की विस्तृत जानकारी दी। आप लोग भी मुख्यधारा में आ जाए वापस : शिवलाल आत्मसमर्पण करने के बाद नक्सली शिवलाल हेम्ब्रम ने भटके अपने साथियों से वापस मुख्यधारा में शामिल होने की अपील की है। पत्रकारों से बातचीत करते हुए शिवलाल ने कहा कि उसे बहुत अच्छा लग रहा है। अपने नक्सली साथियों से भी उन्होंने मुख्यधारा में मलौटने की अपील की है।


