लोहरदगा । लोहरदगा जिले के भंडरा प्रखंड अंतर्गत कुंदो मैदान के पास बुधवार की देर शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ. दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने जोरदार टक्कर में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए. घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई. सूचना मिलते ही भंडरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय ग्रामीणों की मदद से सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भंडरा भेजा गया. पुलिस ने बताया कि टक्कर इतनी तेज थी कि एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई,जबकि दो ने सदर अस्पताल लोहरदगा ले जाने के क्रम में दम तोड़ दिया. मृतकों की पहचान लोहरदगा निवासी कलाम अंसारी के पुत्र मिजान अंसारी, भंडरा थाना क्षेत्र के पंडरिया निवासी लालू उरांव के पुत्र मुकेश उरांव, और फगुआ उरांव के पुत्र प्रकाश उरांव के रूप में हुई है. वहीं जोरी निवासी अबुल अंसारी के पुत्र इरफान अंसारी और पंडरिया ग्राम निवासी फतलू उरांव के पुत्र गोविंदा उरांव गंभीर रूप से घायल बताए गए हैं. दोनों घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद शुक्रवार देर शाम करीब 8 बजे बेहतर इलाज के लिए रिम्स रांची रेफर किया गया. हादसे के बाद मृतकों के घरों में कोहराम मचा हुआ है. पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और दुर्घटना के कारणों की जांच में जुट गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *