
लातेहार । जिले के चंदवा थाना क्षेत्र अंतर्गत टोरी रेलवे स्टेशन से 1 किलोमीटर की दूरी पर स्थित टोरी रेलवे पब्लिक साइडिंग में बीती रात अपराधियों ने लगभग चार राउंड फायरिंग की। इस घटना में साइडिंग में काम कर रहे मजदूर गोपाल प्रसाद गोली लगने से घायल हो गए। उनका इलाज सदर अस्पताल में करने के बाद बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस की टीम ने अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी तेज कर दी है। दरअसल, रविवार की रात लगभग 12:00 बजे रेलवे साइडिंग पर मजदूर काम कर रहे थे। इसी दौरान मोटरसाइकिल पर सवार दो अपराधी वहां पहुंचे और मजदूरों को निशाना बनाकर फायरिंग शुरू कर दी। अचानक गोली चलने से लोग डर गए और इधर-उधर भागने लगे। इसमें एक मजदूर गोपाल प्रसाद के पैर के ऊपर गोली लग गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। लगभग चार राउंड फायरिंग करने के बाद अपराधी वहां से फरार हो गए।
अपराधियों के भागने के बाद घायल मजदूर को तत्काल चंदवा अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक इलाज के बाद उसे लातेहार सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया। बताया गया कि मजदूर के हिप में गोली लगकर आर-पार हो गई। गोली बाहर निकल जाने के कारण मजदूर की जान अब खतरे से बाहर बताई जा रही है। टोरी साइडिंग पर सुरक्षा की दृष्टिकोण से पुलिस टीम की ड्यूटी 24 घंटे लगाई गई है। गोली चलने की सूचना मिलने के बाद पुलिस की टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जानकारी ली। वहीं घटना की जानकारी पुलिस के बड़े अधिकारियों को भी दी गई। अधिकारियों के निर्देश पर पुलिस की टीम ने अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी तेज कर दी है। हालांकि घटना को अपराधी संगठन के द्वारा अंजाम दिया गया है, यह बात अभी स्पष्ट नहीं हो पाई है।


