नई दिल्ली । आज भारत और पाकिस्तान के बीच एशिया कप 2025 का ‘खिताबी युद्ध’ होगा। दोनों टीमें दुबई के मैदान पर हाई-वोल्टेज फाइनल में भिड़ेंगी। भारत और पाकिस्तान 17वें संस्करण में तीसरी बार टकराएंगे। सूर्यकुमार यादव की अगुवाई वाली भारतीय टीम ने पिछली दोनों टक्कर में चिर प्रतिद्विंदी पाकिस्तान को रौंदा है। डिफेंडिंग चैंपियन भारत रविवार को पाकिस्तान पर ‘आखिरी वार’ करके 9वें खिताबी पर कब्जा जमाने उतरेगा। सूर्या ब्रिगेड पाकिस्तान को 41 साल का ‘सबसे बड़ा जख्म’ देखने की फिराक में होगी। दरअसल, एशिया कप का आयोजन 1984 से हो रहा लेकिन भारत और पाकिस्तान पहली बार फाइनल में आमने-सामने आए हैं। भारत टूर्नामेंट में अब तक अजेय है जबकि पाकिस्तान लड़खड़ाते हुए फाइनल में पहुंचा है। पाकिस्तान ने बांग्लादेश के खिलाफ 136 रनों के मामूली लक्ष्य का जैसे-तैसे बचाव कर फाइनल का टिकट कटाया।

मौजूदा टूर्नामेंट में भारत और पाकिस्तान के मैचों में काफी तनाव देखने को मिला है। भारतीय टीम, पाकिस्तान के खिलाड़ियों के साथ ‘हाथ नहीं मिलाने’ की नीति पर कायम है। वहीं, पाकिस्तान के तेज गेंदबाज हारिस रऊफ ने तानों, अपशब्दों का इस्तेमाल किया और यहां तक कि विमान गिरने का भड़काऊ इशारा किया, जिससे बवाल मचा। एशियाई क्रिकेट काउंसिल (एसीसी) के अध्यक्ष और पाकिस्तान के गृह मंत्री मोहसिन नकवी ने आग में घी डालने का काम किया है। वह सोशल मीडिया पर लगातार रहस्यमय लेकिन भड़काऊ पोस्ट डालते रहे हैं। नकवी आज एशिया कप फाइनल देखने के लिए मौजूद रहेंगे। ऐसे में यह देखना दिलचस्प होगा कि मैच के बाद पुरस्कार समारोह के दौरान भारतीय टीम उनकी मौजूदगी पर कैसा रुख अपनाती है। हालांकि, इस बात की संभावना कम है कि भारत विरोधी मानसिकता रखने वाले पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) चेयरमैन नकवी के साथ बीसीसीआई अपने खिलाड़ियों को हाथ मिलाने की अनुमति देगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *