गिरिडीह । उल्टी दिशा से आ रहे ट्रक और सवारी वाहन के बीच जबरदस्त टक्कर हो गई. हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई. टक्कर इतनी जोरदार थी कि सवारी वाहन क्षतिग्रस्त होकर सड़क के किनारे पलट गया. दूसरी तरफ ट्रक भी सड़क किनारे पलट गया. घटना शुक्रवार दोपहर की है. हादसे के बाद घायलों को सदर अस्पताल भेज दिया गया जबकि शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया. सूचना मिलने पर सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी जीतवाहन उरांव भी दलबल के साथ मौके पर पहुंचे और घटना की विस्तृत जानकारी लेते हुए घायलों का हाल जानने सदर अस्पताल भी पहुंचे.

ऐसे हुई घटना

जानकारी के अनुसार यात्रियों को लेकर सवारी वाहन गिरिडीह से धनबाद की तरफ जा रहा था, जबकि उल्टी दिशा से ट्रक आ रहा था. तेज रफ्तार के कारण दोनों वाहन आपस में टकरा गए. जिसके बाद घटना के बाद अफरा तफरी का माहौल हो गया. इस दौरान रास्ते से गुजर रहे लोग रुके और सवारी वाहन में फंसे यात्रियों को निकाला गया. इस बीच हादसे की जानकारी एसडीपीओ जीतवाहन उरांव के साथ साथ ताराटांड पुलिस को दी गई. सूचना मिलते ही एसडीपीओ ने तुरंत ही ताराटांड थाना प्रभारी को मौके पर भेजा और खुद ही घटनास्थल के लिए रवाना हो गए. मृतकों और घायलों के मामले में जानकारी देते हुए विधायक प्रतिनिधि फरदीन अहमद ने बताया कि गांडेय के बजगुंदा पंचायत के मजदूर काम करने के लिए हजारीबाग गए थे. दुर्गा पूजा को देखते हुए सभी वापस लौट रहे थे. हजारीबाग से गिरिडीह लौटे फिर धनबाद जाने वाली सवारी वाहन पर सवार होकर अहिल्यापुर मोड़ के लिए निकले थे. लेकिन रास्ते में तेज रफ़्तार ट्रक ने धक्का मार दी. इस घटना में तीन मजदूर नंद किशोर (47 वर्ष), कमल (38 वर्ष) और जगदीश भोक्ता (45 वर्ष) की मौत हो गई जबकि संजीत, किसान भोक्ता, बगलू भोक्ता और रामू भोक्ता घायल हैं. दो घायल की स्थिति गंभीर है जिन्हें बेहतर इलाज के लिए धनबाद रेफर कर दिया गया है बाकी परिजनों के साथ हम खड़े हैं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *