
टेंडर को ढाई साल बीतने के बावजूद अब तक नहीं शुरू हुआ मरम्मत कार्य
स्थानीय जनप्रतिनिधियों की चुप्पी से ग्रामीणों में बढ़ रहा आक्रोश
@Banty Kumar
कुंदा (चतरा): प्रखंड मुख्यालय कुंदा से नवादा पंचायत को जोड़ने वाली प्रमुख कालीकरण सड़क विभागीय उदासीनता और संवेदक की लापरवाही के कारण बदहाल स्थिति में पड़ी है। इस सड़क के मरम्मत कार्य हेतु लगभग ढाई वर्ष पूर्व प्रशासनिक स्वीकृति दी गई थी, परंतु अब तक न तो कार्य प्रारंभ हुआ है और न ही किसी प्रकार की पहल दिख रही है।यह सड़क नवादा पंचायत को प्रखंड मुख्यालय से जोड़ने का प्रमुख मार्ग है, जिससे रोज़ाना सैकड़ों वाहन गुजरते हैं। साथ ही दर्जनों गांव के ग्रामीण इसी जर्जर सड़क के सहारे विषम परिस्थितियों में जिला मुख्यालय स्थित सदर अस्पताल तक पहुंचते हैं।मरम्मत कार्य का जिम्मा नीलम कंस्ट्रक्शन को सौंपा गया है, जिसके ठेकेदार गणेश प्रसाद को निर्माण कार्य पूरा करना था। लेकिन संवेदक की लापरवाही और विभाग की अनदेखी के चलते अब तक कार्य शुरू नहीं हो सका है।
स्थानीय जनप्रतिनिधि भी इस विषय में कोई सक्रिय भूमिका नहीं निभा रहे हैं। जबकि चुनावी समय में यही जनप्रतिनिधि विकास के बड़े-बड़े दावे करते हैं, परन्तु अब जब वास्तविक ज़रूरत है, तो उनकी चुप्पी सवाल खड़े कर रही है।
ग्रामीणों ने जताई नाराज़गी
ग्रामीणों ने जिला उपायुक्त से मांग की है कि वे इस मामले में हस्तक्षेप कर जल्द से जल्द मरम्मत कार्य शुरू कराएं। ग्रामीणों का कहना है कि जर्जर सड़क से यात्रा करना किसी खतरे से कम नहीं है। आपात स्थिति में अस्पताल पहुंचना भी चुनौतीपूर्ण हो गया है।
पंचायत प्रतिनिधियों की प्रतिक्रिया:
नवादा पंचायत के मुखिया भरत यादव ने संवेदक की लापरवाही पर नाराज़गी जताते हुए कहा कि सड़क की बदहाली से ग्रामीणों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।वहीं कुंदा पंचायत के मुखिया मनोज कुमार साहू ने चेतावनी दी है कि अगर जल्द काम शुरू नहीं हुआ तो ग्रामीण जन विभाग और संवेदक के विरुद्ध उग्र आंदोलन को मजबूर होंगे।


