
पलामूः शराब पीने की इच्छा ने एक युवक को मौत के मुंह में धकेल दिया. अपराधियों ने युवक के साथ बैठकर पहले शराब पी और बाद में उसकी गाड़ी लूटने की योजना बनायी. गाड़ी लूटने के लिए अपराधियों ने युवक का गला काट दिया था. पुलिस ने पूरे मामले में कार्रवाई करते हुए तीन अपराधियों को गिरफ्तार किया है. जिसमें से एक अपराधी हत्या के मामले में पूर्व में भी जेल जा चुका है. दरअसल, एक सितंबर को पलामू के पाटन थाना क्षेत्र के किशुनपुर ओपी में लहूलुहान अवस्था में विनय कुमार नामक एक युवक पहुंचा था. उसने पुलिस को बताया कि कुछ अपराधियों ने उसकी गाड़ी लूट ली है और उसका गला काट दिया है. विनय कुमार पलामू के हैदरनगर थाना क्षेत्र के पंसा का रहने वाला है. शिकायत दर्ज कर पुलिस ने उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया था, जिसके बाद उसे रांची के रिम्स रेफर कर दिया गया था. पलामू एसपी रीष्मा रमेशन ने बताया कि घटना के दिन विनय कुमार अपने गांव में रहने वाले एक गर्भवती महिला को मेदिनीनगर के सेवा सदन में भर्ती करवाकर वापस लौट रहा था. इसी क्रम में पड़वा मोड़ के पास उसे शराब पीने की इच्छा हुई थी. पड़वा मोड़ के पास शराब पीने के दौरान उसकी तीन युवकों के साथ दोस्ती हुई थी. तीनों युवकों ने विनय के साथ बैठकर पहले शराब पी और घर छोड़ने के बहाने उसे पाटन के तरफ लेकर जाने लगे थे. तीनों आरोपियों ने पहले से ही विनय की गाड़ी को लूटने की योजना तैयार कर ली थी और ब्लेड खरीद लिया था. तीनों ने मिलकर विनय का गला काट दिया था. इसी क्रम में आरोपियों ने देखा कि पाटन थाना की पेट्रोलिंग टीम सामने से गुजर रही है. बाद में विनय को सभी लोग छोड़कर भाग गए और गाड़ी को पाटन थाना क्षेत्र के एक गांव में छोड़ दिया था. पुलिस ने पूरे मामले में कार्रवाई करते हुए नावाबाजार थाना क्षेत्र के चनेया के रहने वाले अमित कुमार दुबे उर्फ राजकमल दुबे, गोलू कुमार और विकास कुमार को गिरफ्तार कर लिया है. तीनों ने लूटपाट की योजना के तहत विनय का गला काटा था. पूरे मुकदमे के अनुसंधान में पाटन के थाना प्रभारी शशिशेखर पांडेय, किशनपुर ओपी प्रभारी निलेश कुमार और आशी प्रभात किरण ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।


