गिरिडीह जिले के गावां थाना इलाके के नीमाडीह जंगल में दो महिलाओं की हत्या का पुलिस ने खुलासा किया है. पुलिस ने दोनों महिलाओं की हत्या करने के आरोप में श्रीकांत चौधरी को गिरफ्तार किया है. उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है. घटना का खुलासा करते हुए एसडीपीओ राजेंद्र प्रसाद ने इसकी जानकारी दी. पुलिस की पूछताछ में श्रीकांत चौधरी ने बताया कि उसका प्रेम संबंध सोनी देवी से चल रहा था. इस बीच उसे शक हुआ कि सोनी देवी, किसी दूसरे शख्स से बात करती है. ऐसे में उसने सोनी देवी को उसी जंगल में बुलाया, जहां दोनों अक्सर मिला करते थे. यहां सोनी गांव की दोस्त रिंकू देवी भी उसके साथ थी. रिंकू देवी को थोड़ी दूरी पर खड़ा कर श्रीकांत चौधरी और सोनी देवी जंगल की ओर चले गए. इस दौरान दोनों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई, तभी श्रीकांत चौधरी ने सोनी देवी की गला दबाकर हत्या कर दी. वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी श्रीकांत जिस जगह रिंकू खड़ी थी वहां पहुंचा तो रिंकू ने श्रीकांत चौधरी से पूछा कि सोनी कहां है? जिस पर श्रीकांत ने बताया कि सोनी बेहोश हो गई है. जिसके बाद श्रीकांत, रिंकू को उसी स्थान पर लेकर पहुंचा जहां उसने सोनी की हत्या की थी. तभी सोनी के शव को देख रिंकू घबरा गई. जिसके बाद श्रीकांत ने रिंकू की भी हत्या कर दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *