
रांची । झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी को देर रात मोबाइल फोन पर जान से मारने की धमकी मिली है. उन्हें यह धमकी एक अज्ञात नंबर (7005758247) से दी गई, जिससे राज्य में हड़कंप मच गया है. फोन करने वाले शख्स ने मंत्री को सीधे शब्दों में कहा, “तुम बस इंतजार करो… तुम्हें बहुत जल्द उड़ा देंगे!” इस धमकी के बाद पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट पर आ गई हैं और मामले की जांच शुरू कर दी गई है. जानकारी के मुताबिक, धमकी मिलने के समय डॉ. इरफान अंसारी बोकारो में थे. उन्होंने तुरंत इस घटना की सूचना पुलिस प्रशासन को दी। धमकी मिलने के बाद उनकी सुरक्षा बढ़ा दी गई है और पुलिस ने उस नंबर का पता लगाने की कोशिश शुरू कर दी है जिससे यह कॉल आया था. यह पहली बार नहीं है जब मंत्री को इस तरह की धमकी मिली है. इससे पहले भी एक युवक ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर उन्हें जान से मारने की धमकी दी थी. पूर्व में मिली धमकी के मामले में भी पुलिस जांच कर रही है और अब यह नई घटना सामने आई है. पुलिस सूत्रों का कहना है कि वे दोनों मामलों को जोड़कर देख रहे हैं ताकि यह पता लगाया जा सके कि क्या दोनों घटनाओं का आपस में कोई संबंध है. यह घटना दर्शाती है कि राज्य में मंत्रियों और सार्वजनिक हस्तियों की सुरक्षा को लेकर चिंताएं बढ़ रही हैं. डॉ. अंसारी ने इस मामले में पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग की है. उन्होंने कहा कि ऐसे तत्वों को जल्द से जल्द पकड़ना ज़रूरी है ताकि समाज में भय का माहौल न बने।
हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए नीचे लिंक पर क्लिक करें।
https://chat.whatsapp.com/JFw1xz8Rrz33p6cdtYJXaT


