
धनबाद । बीसीसीएल बरोरा एरिया के बाघमारा स्थित डुमरा एरिया ऑफिस के समीप सोमवार को अपराधियों ने फायरिंग की. तीन बाइक से आए अपराधियों ने मांदरा के पूर्व मुखिया पति सह कोयला कारोबारी शंकर बेलदार पर अंधाधुंध फायरिंग कर गंभीर रूप से घायल कर दिया. घटना के बाद समर्थक उन्हें आनन-फानन में धनबाद के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया. डॉक्टरों के मुताबिक दो गोली उनके पैर में और एक गोली कमर में लगी है. उनकी हालत नाजुक बनी हुई है. डॉक्टरों की टीम लगातार इलाज में जुटी है. हमले की खबर फैलते ही शंकर बेलदार के बड़ी संख्या में समर्थक अस्पताल पहुंच गए. देखते ही देखते माहौल तनावपूर्ण हो गया. वारदात की सूचना पर बरोरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और इस घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए. स्थानीय लोगों के अनुसार, शंकर बेलदार अपने सहयोगी श्रवण राय के साथ मोटरसाइकिल से घर लौट रहे थे. इसी दौरान तीन बाइक पर सवार अपराधियों ने घेरकर फायरिंग शुरू कर दी. बाघमारा एसडीपीओ पुरुषोत्तम सिंह ने बताया कि शंकर बेलदार को दो गोली लगी है. घटनास्थल से कारतूस का खोखा बरामद किया गया है. अपराधियों की तलाश में छापेमारी की जा रही है. ज्ञात हो कि शंकर बेलदार का नाम लंबे समय से कोयला कारोबार और स्थानीय राजनीति से जुड़ा रहा है .पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखकर जांच कर रही है. वारदात के बाद से पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है. लोग दबी जुबान से कह रहे हैं कि यह हमला किसी पुरानी रंजिश या कारोबारी विवाद से जुड़ा हो सकता है।
हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए नीचे लिंक पर क्लिक करें।
https://chat.whatsapp.com/LnzXi8cnQGtKJUUT78UqXz


