
रांची। बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव का असर झारखंड के मौसम पर देखने को मिलेगा. 21 और 22 अगस्त को क्रमश: 11 और 9 जिलों में भारी वर्षा होगी. मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी करते हुए यह जानकारी दी है. मौसम विभाग ने कहा है कि 18 अगस्त 2025 को सुबह 8:30 बजे पश्चिम मध्य और उससे सटे उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और उत्तरी आंध्रप्रदेश-दक्षिण ओडिशा तटों पर एक गहरा निम्न दबाव का क्षेत्र बना हुआ है. इससे जुड़ा चक्रवाती परिसंचरण औसत समुद्र तल से 9.6 किलोमीटर ऊपर तक फैला है, जो ऊंचाई के साथ दक्षिण-पश्चिम की ओर झुक रहा है. मौसम विभाग ने कहा है कि अगले 12 घंटे के दौरान इसके पश्चिम-उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ने और एक अबदाव में केंद्रित होने की संबावना है. यह 19 अगस्त 2025 की सुबह दक्षिण ओडिशा-उत्तरी आंध्रप्रदेश के तटों को पार कर जायेगा. मौसम विभाग ने यह भी कहा है कि मानसून ट्रफ अब नालिया, जलगांव, ब्रह्मपुरी, जगदलपुर, पश्चिम मध्य और उससे सटे उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और उत्तरी आंध्रप्रदेश-दक्षिणी ओडिशा के तटों पर बने निम्न दबाव के क्षेत्र के केंद्र से गुजरते हुए दक्षिण-पूर्व की ओर पूर्व मध्य बंगाल की खाड़ी तक फैला है. मानसून ट्रफ का विस्तार समुद्र तल से औसत 1.5 किलोमीटर ऊपर तक है. मौसम विभाग ने कहा है कि 21 अगस्त 2025 को झारखंड के देवघर, धनबाद, दुमका, गिरिडीह, जामताड़ा, गोड्डा, पाकुड़, साहिबगंज, बोकारो, हजारीबाग और कोडरमा जिलों में कहीं-कहीं पर भारी वर्षा होने की संभावना है. मौसम विभाग ने कहा कि 21 अगस्त 2025 को ही नहीं, बल्कि इसके अगले दिन 22 अगस्त 2025 को भी झारखंड के कई जिलों में भारी वर्षा होगी. जिन जिलों में भारी वर्षा का अलर्ट जारी किया गया है, उनमें देवघर, दुमका, जामता़ा, गोड्डा, पाकुड़, साहिबगंज, पश्चिमी सिंहभूम, पूर्वी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां जिले शामिल हैं।
हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए नीचे लिंक पर क्लिक करें।
https://chat.whatsapp.com/JHqYrWnMsu2KY7RyhHU1DY


