नई दिल्ली । दिल्ली के निजामुद्दीन इलाके में स्कूटी पार्किंग विवाद को लेकर बॉलीवुड एक्ट्रेस हुमा कुरैशी के 42 वर्षीय चचेरे भाई आसिफ कुरैशी की हत्या करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने बताया कि घटना गुरुवार रात करीब 10:30 बजे निजामुद्दीन के जंगपुरा भोगल लेन में हुई। हत्या के दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने बताया कि आसिफ कुरैशी का गुरुवार देर रात स्कूटी को गेट के सामने से हटाकर साइड में लगाने को लेकर कुछ लोगों से विवाद हुआ था। जिसके बाद आरोपियों ने उस पर धारदार हथियारों से हमला कर दिया। हमले के बाद, आसिफ को गंभीर हालत में नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। आसिफ की पत्नी और रिश्तेदारों ने आरोप लगाया कि आरोपियों ने मामूली बात पर उस पर बेरहमी से हमला किया। दिल्ली पुलिस ने इस संबंध में बीएनएस की धाराओं 103(1)/3(5) के तहत एफआईआर दर्ज कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपी सगे भाई हैं। आरोपियों की पहचान- 19 वर्षीय उज्ज्वल और 18 वर्षीय गौतम के रूप में हुई है। आरोपी भी आसिफ कुरैशी के घर के पास ही रहते हैं। पुलिस ने बताया कि झगड़े के दौरान, एक आरोपी ने आसिफ की छाती पर नुकीली वस्तु (पोकर) से हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। इस मामले में आगे की जांच चल रही है।आसिफ की पत्नी साइनाज कुरैशी ने पुलिस को बताया कि आरोपियों ने पहले भी पार्किंग विवाद को लेकर उससे झगड़ा किया था। उन्होंने बताया कि गुरुवार को जब आसिफ काम से लौटा, तो उसने पड़ोसी की स्कूटी घर के मेन गेट के सामने खड़ी देखी, जिसके बाद उसने उसे वहां से हटाने के लिए कहा। उन्होंने आरोप लगाया कि पड़ोसियों ने स्कूटी को मौके से हटाने के बजाय आसिफ को ही गाली देना शुरू कर दिया और फिर उस पर धारदार हथियारों से हमला कर दिया।

हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए नीचे लिंक पर क्लिक करें।

https://chat.whatsapp.com/JHqYrWnMsu2KY7RyhHU1DY

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *