
चतरा : चतरा लोकसभा क्षेत्र के लोकप्रिय सांसद श्री कालीचरण सिंह ने गुरुवार को नई दिल्ली स्थित रेल भवन में भारत सरकार के माननीय रेल मंत्री श्री अश्विनी वैष्णव से शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने लातेहार, चंदवा (टोरी) तथा रिचुगुटा रेलवे स्टेशनों से संबंधित अनेक महत्वपूर्ण समस्याओं को उनके समक्ष विस्तार से रखा।
मुख्य और व्यस्त स्टेशनों पर नहीं रुकती महत्वपूर्ण ट्रेनें
सांसद श्री सिंह ने कहा कि लातेहार, चंदवा और रिचुगुटा स्टेशन इस क्षेत्र के प्रमुख और व्यस्त रेलवे स्टेशन हैं, जहां से प्रतिदिन हजारों यात्री सफर करते हैं। इसके बावजूद आज भी कई महत्वपूर्ण ट्रेनें इन स्टेशनों पर नहीं रुकती हैं, जिससे ग्रामीण, किसान, मजदूर, बुजुर्ग, छात्र-छात्राओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
राजधानी एक्सप्रेस के ठहराव की मांग
सांसद ने विशेष रूप से 12453/54 एवं 20407/08 रांची राजधानी एक्सप्रेस का लातेहार और चंदवा (टोरी) स्टेशनों पर ठहराव सुनिश्चित कराने की प्रबल मांग की। उन्होंने कहा कि लातेहार जिला मुख्यालय है और वहां से बड़ी संख्या में लोग सफर करते हैं, लेकिन राजधानी जैसी अत्यंत महत्वपूर्ण ट्रेन के ठहराव के अभाव में लोगों को 100 से 150 किलोमीटर दूर जाकर ट्रेन पकड़नी पड़ती है, जो बेहद असुविधाजनक और खर्चीला है।
रिचुगुटा स्टेशन पर भी ट्रेनों के ठहराव की जरूरत

सांसद श्री सिंह ने रिचुगुटा स्टेशन को लेकर भी चिंता व्यक्त की। उन्होंने मांग की कि निम्नलिखित ट्रेनों का ठहराव रिचुगुटा में अनिवार्य रूप से सुनिश्चित किया जाए:
18635/36 रांची-सासाराम इंटरसिटी एक्सप्रेस
18613/14 एवं 18631/32 रांची-चोपन एक्सप्रेस
13347/48 पलामू एक्सप्रेस
11447/48 शक्तिपुंज एक्सप्रेस
जनता की भावनाओं का रखा ध्यान
सांसद ने रेल मंत्री से आग्रह किया कि क्षेत्र की जनभावनाओं, आवश्यकताओं और ज़मीनी सच्चाइयों को समझते हुए जल्द निर्णय लिया जाए। उन्होंने कहा कि इन स्टेशनों पर ट्रेनों के ठहराव से स्थानीय नागरिकों की रेल यात्रा सरल, सुलभ और सुरक्षित हो सकेगी। यह मांग केवल सुविधा नहीं, बल्कि जरूरत है।
रेल मंत्री ने दिया आश्वासन
सूत्रों के अनुसार, रेल मंत्री श्री अश्विनी वैष्णव ने सांसद की बातों को गंभीरता से सुना और आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया। जल्द ही रेलवे बोर्ड स्तर पर इस पर निर्णय लिए जाने की संभावना जताई जा रही है।

