
पलामू । पलामू में रविवार की देर रात एक पानी भरे कुएं से प्रेमी जोड़े की लाश बरामद की गई। घटना तरहसी थाना क्षेत्र के टरिया गांव की है। युवक-युवती के शरीर पर चोट के भी निशान मिले हैं। पुलिस इसे ऑनर किलिंग के मामले से जोड़कर देख रही है। घटनास्थल पर पहुंची पुलिस युवती के घर वालों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। मृतकों में भंडरा के वीरेंद्र सिंह के पुत्र कारू मेहता (25) और टरिया गांव के उपेंद्र सिंह की पुत्री विभा कुमारी (22) शामिल हैं। कारू शनिवार से लापता था। परिजनों ने इसकी सूचना पुलिस को दी थी। पुलिस के अनुसार, यह कुआं विभा के घर से मात्र 100 मीटर की दूरी पर स्थित है। दोनों के शरीर पर गहरे जख्म के निशान पाए गए हैं। माना जा रहा है कि युवक अपने गांव से युवती से मिलने उसके गांव पहुंचा होगा और यही पर दोनों की हत्या कर शव कुएं में फेंक दिया गया। घटना की जानकारी मिलने पर थाना प्रभारी आनंद राम के नेतृत्व में पुलिस बल मौके पर पहुंचा और दोनों शवों को कुएं से निकालकर पोस्टमॉर्टम के लिए मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल भेजा गया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और कई संदिग्धों को हिरासत में लिया है। सभी पहलुओं से मामले की जांच की जा रही है। घटना की सूचना मिलने के बाद दोनों के परिजन मौके पर पहुंचे थे।
हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए नीचे लिंक पर क्लिक करें।
https://chat.whatsapp.com/JHqYrWnMsu2KY7RyhHU1DY


