
बीजापुर । छत्तीसगढ़ के बीजापुर में सुरक्षाबलों को बड़ी सफलता मिली है. दो महिला सहित 17 लाख रुपये के इनामी 4 नक्सलियों को ढेर कर दिया गया है. कल (शनिवार) शाम से सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ चल रही थी. रविवार दोपहर तक मुठभेड़ चला और उन्हें निरस्त्र किया गया. बीजापुर जिले के दक्षिण-पश्चिमी क्षेत्र में बासागुड़ा और गंगलूर थाना के सरहदी जंगलों में माओवादियों की मौजूदगी की जानकारी के आधार पर सुरक्षाबलों ने तलाशी अभियान शुरू किया. मुठभेड़ में दक्षिण सब जोनल ब्यूरो के चार माओवादी मारे गए, जिनमें तीन एसीएम स्तर के और एक पार्टी सदस्य कमांडर शामिल है. मुठभेड़ स्थल से एक एसएलआर, एक इंसास, एक 303 रायफल, एक 12 बोर बंदूक, बीजीएल लांचर, सिंगल शॉट हथियार सहित भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री और नक्सल संबंधी अन्य सामान बरामद किए गए. बीजापुर के पुलिस अधीक्षक श्री जितेन्द्र यादव ने बताया कि जिले के दक्षिण-पश्चिम क्षेत्र में माओवादी कैडर की गतिविधियों की विश्वसनीय सूचना के आधार पर डीआरजी बीजापुर की टीम द्वारा तलाशी अभियान चलाया गया. अभियान के दौरान 26 जुलाई 2025 की शाम को पुलिस बल और माओवादियों के बीच रुक-रुक कर मुठभेड़ होती रही. मुठभेड़ के बाद स्थल की तलाशी में भारी मात्रा में हथियार और सामग्री बरामद की गई।
हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए नीचे लिंक पर क्लिक करें।
https://chat.whatsapp.com/LnzXi8cnQGtKJUUT78UqXz


