धनबाद । धनबाद जिले के बाघमारा क्षेत्र अंतर्गत केसरगढ़ा स्थित जमुनिया नदी के पास मंगलवार शाम अवैध कोयला खनन के दौरान एक बड़ा हादसा हो गया। अवैध खदान की चाल धंसने से आधा दर्जन से अधिक मजदूरों के दबने की सूचना है। स्थानीय सूत्रों के अनुसार, करीब 9 मजदूरों की मौत हो चुकी है। हालांकि प्रशासनिक स्तर पर अब तक घटना की कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है प्रत्यक्षदर्शियों और स्थानीय लोगों का कहना है कि दुर्घटनाग्रस्त मजदूर गिरिडीह जिले के रहने वाले हैं। घटना के बाद से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है। अवैध खनन में लिप्त माफिया के गुर्गों ने घटनास्थल को चारों ओर से हथियारों के बल पर घेर लिया है, जिससे वहां न तो रेस्क्यू टीम पहुंच पा रही है और न ही मीडिया या स्थानीय नागरिक। स्थानीय लोगों का कहना है कि घटनास्थल पर आने-जाने वालों की निगरानी की जा रही है और किसी को भी पास नहीं जाने दिया जा रहा है। गहराते अंधेरे और हथियारबंद माफिया की सक्रियता के कारण अब तक किसी प्रकार का बचाव कार्य प्रारंभ नहीं हो सका है। बाघमारा थाना प्रभारी अजीत कुमार ने घटना की जानकारी से इनकार किया है। इसी तरह ब्लॉक-टू क्षेत्र के नोडल सुरक्षा अधिकारी राजीव रंजन ने भी अनभिज्ञता जताई है, जिससे पुलिस और प्रशासन की सक्रियता पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।

हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए नीचे लिंक पर क्लिक करें।

https://chat.whatsapp.com/LnzXi8cnQGtKJUUT78UqXz

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *