रांची । भाकपा माओवादी संगठन ने 3 अगस्त 2025 को बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल, असम, और उत्तरी छत्तीसगढ़ में बंद का आह्वान किया है. यह बंद संगठन के जनरल सेक्रेटरी बसवराजू सहित कई बड़े नक्सलियों के सुरक्षाबलों द्वारा मुठभेड़ में मारे जाने के विरोध में बुलाया गया है. माओवादियों के पूर्वी रीजनल ब्यूरो के प्रवक्ता संकेत ने एक विज्ञप्ति जारी कर इसकी घोषणा की है. संगठन ने 20 जुलाई से 3 अगस्त तक झारखंड में स्मृति सभाएं आयोजित करने की भी योजना बनाई है. सुरक्षाबलों ने 2025 में नक्सलियों के खिलाफ ताबड़तोड़ कार्रवाई की है. छत्तीसगढ़ में इस साल 401 नक्सलियों को मार गिराया गया, जिसमें कई बड़े नेता शामिल थे. झारखंड और बिहार में भी माओवादी गतिविधियों पर लगाम कसने के लिए अभियान चल रहे हैं. इन कार्रवाइयों से माओवादी संगठन दबाव में है, जिसके जवाब में यह बंद बुलाया गया है. माओवादियों का बंद का आह्वान बिहार और झारखंड में तनाव का कारण बन सकता है. पहले से ही बिहार में अपराध की घटनाएं, जैसे हत्याएं और लूटपाट, चिंता का विषय बनी हुई हैं. बंद के दौरान हिंसा या अशांति की आशंका से प्रशासन अलर्ट पर है. सुरक्षाबल अतिरिक्त सतर्कता बरत रहे हैं. ताकि कानून-व्यवस्था बनी रहे. वहीं, पुलिस और प्रशासन ने आम जनता से सावधानी बरतने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी देने की अपील की है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *