
रांची । राजधानी रांची के दो बिल्डर अभय सिंह और जय सिंह का अपहरण कर अपराधियों ने शुक्रवार की शाम करीब 7 बजे 50 लाख रुपये लूट लिये। घटना बोकारो के चास मुफफ्सिल थाना क्षेत्र के अलकुशा मोड़ के पास हुई। दोनों अपने एक दोस्त को पैसा देने कार से रांची से धनबाद के सिंदरी जा रहे थे। अपराधी भी चार पहिया पर सवार थे। अगवा कर बिल्डरों से 50 लाख रुपये लूटने के बाद अपराधियों ने उन्हें कार से बाहर फेंक दिया। घटना के समय अलकुशा मोड़ पर बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे। उन्होने इस घटना को देखकर कार से भाग रहे अपराधियों पर पथराव कर दिया। हालांकि ग्रामीणों के हमले से बचते हुए अपराधी तेजी से धनबाद की तरफ फरार हो गये। बिल्डर अभय सिंह और जय सिंह की कार अलकुशा मोड़ पर पुलिस की वर्दी पहने अपराधियों ने रूकवायी और फिर कार से बाहर निकाल उन्हे अगवा कर लिया। दोनों को अपराधियों ने अपनी कार में बैठा लिया और लूटपाट की। एसपी ने कहा है कि मामले की जांच की जा रही है। वहीं उनके पास इतना कैश कहां से आया, इसकी भी जांच हो रही है।


