रांची। डॉ. इरफान अंसारी मंत्री, झारखंड सरकार स्वास्थ्य, खाद्य आपूर्ति एवं आपदा प्रबंधन विभाग ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी के बयान की प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि
बाबूलाल मरांडी , आपसे आग्रह है कि इतनी ओछी और निम्न स्तर की राजनीति करना बंद करें। जिस स्थान पर हादसा हुआ, वहां आपकी पार्टी की गाड़ियाँ और कार्यकर्ता घटनास्थल से गुज़रे, लेकिन किसी ने एक पल को भी रुककर पीड़ित की मदद करना जरूरी नहीं समझा। क्या यही है भाजपा की संवेदनशीलता और इंसानियत?
जहां एंबुलेंस को पहुँचने में कम से कम 25 मिनट लगते, वहां मैंने तत्काल नज़दीक खड़े एक ऑटो को बुलाया जब वह खराब निकला, तो अपनी निजी गाड़ी से उस घायल व्यक्ति को अस्पताल पहुँचाया, उसका समुचित इलाज कराया। अब वह व्यक्ति पूरी तरह स्वस्थ है, और उसके परिजन मुझे दुआएं दे रहे हैं।लेकिन आपको ये सब नज़र नहीं आया, क्योंकि आपकी नज़र सिर्फ और सिर्फ राजनीतिक लाभ पर टिकी है न कि इंसानी जान पर। आप जैसे नेता अगर मदद नहीं कर सकते, तो कम से कम जान बचाने वालों पर घटिया टिप्पणी करना तो बंद करें। इंसानियत सबसे बड़ा धर्म है और उस पर राजनीति करना सबसे बड़ा पाप। आपको चाहिए था कि स्वास्थ्य सेवाओं के सुधार में हम जो दिन-रात मेहनत कर रहे हैं, उसकी सराहना करते न कि मानवता के कार्यों को भी राजनीति की कीचड़ में घसीटते।
बाबूलाल , जिसकी ज़मीर और जिसकी मानवता बिक जाए, वो इंसान नहीं बिका हुआ सामान कहलाता है।
कृपया स्वास्थ्य जैसे संवेदनशील विषय पर संवेदनशीलता दिखाइए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *