खूंटी । जिले के रनिया थाना क्षेत्र अंतर्गत बघिया आरसी टोली गांव में रविवार शाम एक दर्दनाक हादसे में दो मासूम बच्चों की मौत हो गई। तालाब में डूबने से 10 वर्षीय आशीष केरकेट्टा और 9 वर्षीय बिल्फ्रेड मड़की की जान चली गई। इस हृदयविदारक घटना से पूरे गांव में मातम पसर गया है, जबकि परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। मिली जानकारी के अनुसार, रविवार की दोपहर दोनों बच्चे अपने घर से कुछ दूरी पर स्थित एक तालाब में नहाने के लिए गए थे जिसके बाद वे वापस नहीं लौटे। जब देर शाम तक दोनों घर नहीं लौटे, तो परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। रात भर खोजबीन जारी रही, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं मिला। सोमवार सुबह गांव के ही एक व्यक्ति ने तालाब के पास शौच के दौरान दोनों बच्चों के शव पानी में तैरते हुए देखे। उसने तुरंत ग्रामीणों को इसकी सूचना दी। गांववालों ने तत्परता दिखाते हुए तालाब से दोनों शव बाहर निकाले। इस मंजर को देख वहां मौजूद हर व्यक्ति की आंखें नम हो गईं। सूचना मिलने पर रनिया थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जांच शुरू की। पुलिस ने परिजनों से पूरी जानकारी ली और दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, खूंटी भेज दिया गया है। पुलिस ने प्रारंभिक जांच में इसे एक दुर्भाग्यपूर्ण दुर्घटना बताया है, हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो पाएगी। इस घटना ने पूरे गांव को झकझोर कर रख दिया है। स्थानीय लोग शोक में डूबे हुए हैं।

हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए नीचे लिंक पर क्लिक करें।

https://chat.whatsapp.com/JHqYrWnMsu2KY7RyhHU1DY

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *