
पाटन। पलामू जिले के पाटन थाना क्षेत्र के पाल्हे कला में रविवार की शाम में मुहर्रम जुलूस के दौरान दो समुदायों के बीच झड़प हो गई। इस क्रम में दोनों पक्ष से दर्जन भर लोगों के घायल होने की सूचना है। दो घायल पाल्हे कला निवासी गौतम सिंह और उनका सहोदर भाई प्रवीण सिंह गंभीर रूप से घायल हैं। दोनों को मेदिनीनगर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कर इलाज किया जा रहा है। एसपी रीष्मा रमेशन, एसडीएम सुलोचना मीणा एसडीएम, सदर एसडीपीओ मणीभूषण प्रसाद आदि घटनास्थल पर पहुंचकर कुछ लोगों को हिरासत में ले लिया है। मामले की जांच की जा रही है। पाल्हेकला के गढ़वट में मुहर्रम मिलान स्थल के विवाद को लेकर दो समुदायों के बीच झड़प हुई है। जुलूस के मार्ग के पास समुदाय विशेष के कुछ लोगों के इकट्ठा होने से विवाद बढ़ा। इसके बाद दूसरे समुदाय के लोग गांव में घुसने का प्रयास किया। इससे झड़क हो गई है। पहले से चल रहे विवाद के कारण दंडाधिकारी और पुलिस बल पर्याप्त संख्या में तैनात थी। पाल्हे कला के पूर्व मुखिया हितनारायन सिंह ने कहा कि मुहर्रम जुलूस के दौरान विवाद बढ़ने से झड़प हुई है। इसमें दो-तीन लोग घायल हुए हैं। निजी अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती किया गया है। प्रशासन गांव में पहुंचकर जांच में जुटी है। मेदिनीनगर सदर एसडीपीओ ने बताया कि विवाद को देखते हुए प्रशासन निरोधात्मक कार्रवाई कर रही है।


