बरही । बरही थाना क्षेत्र के तिलैया डैम में शुक्रवार को एक दर्दनाक हादसे में 17 वर्षीय युवक की डूबकर मौत हो गई। मृतक की पहचान सन्नी यादव, पिता केशव यादव, निवासी डोमचांच थाना क्षेत्र के सपही गांव के रूप में की गई है। वह इन दिनों अपनी नानी के घर डुमरडीहा गांव में रहकर पढ़ाई कर रहा था। मिली जानकारी के अनुसार सन्नी अपने दो अन्य दोस्तों के साथ तिलैया डैम की सैर पर गया हुआ था। डैम पर पहुंचने के बाद तीनों ने वहां किनारे खड़ी एक खाली नाव देखी और उसमें सवार होकर करीब 50 फीट अंदर डैम के बीच में चले गए। वहां पहुंचकर तीनों दोस्त सेल्फी लेने लगे। इसी दौरान नाव अनियंत्रित हो गई और संतुलन बिगड़ने के कारण सन्नी बोट से नीचे पानी में जा गिरा। पानी की गहराई अधिक होने के कारण वह डूब गया। घटना के बाद बचे हुए दोनों दोस्त नाव को किनारे लाकर मदद के लिए चिल्लाने लगे। शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण और नाविक मौके पर पहुंचे। नाविकों ने कड़ी मशक्कत के बाद लगभग एक घंटे की खोजबीन के बाद सन्नी के शव को पानी से बाहर निकाला। घटना की सूचना मिलते ही मृतक के परिजन भी घटनास्थल पर पहुंच गए। वहीं, सूचना पाकर तिलैया डैम ओपी प्रभारी व बरही पुलिस अपनी टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर सदर अस्पताल कोडरमा भेजा गया, जहां चिकित्सकों ने सन्नी को मृत घोषित कर दिया।

बिना सुरक्षा उपाय के नाव पर चढ़ना बना जानलेवा :

स्थानीय लोगों का कहना है कि तिलैया डैम जैसे गहरे जल क्षेत्र में बिना किसी सुरक्षा व्यवस्था और अनुमति के नाव में चढ़ना खतरनाक है। यह हादसा लापरवाही का नतीजा था, जिसने एक होनहार छात्र की जान ले ली। घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और परिजनों को आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिया है। मृतक सन्नी यादव की असामयिक मौत से उसके परिवार और गांव में मातम पसरा हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *