बंगलूरू : रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु फ्रेंचाइजी ने चिन्नास्वामी स्टेडियम के बाहर भगदड़ में मारे गए 11 प्रशंसकों के परिवारों को 10-10 लाख रुपये की वित्तीय सहायता देने की घोषणा की है। फ्रेंचाइजी ने अपने बयान में कहा है कि मृतकों के परिजनों को मुआवजे के अलावा इस दुखद घटना में घायल हुए प्रशंसकों की सहायता के लिए ‘आरसीबी केयर्स’ नामक एक कोष भी बनाया जा रहा है। बुधवार को चिन्नास्वामी स्टेडियम के बाहर भगदड़ में 11 लोगों की मौत हो गई थी और 50 से ज्यादा लोग घायल हुए थे। दरअसल, आरसीबी ने 18वें सत्र में जाकर पहली बार आईपीएल का खिताब जीता। टीम बुधवार को अहमदाबाद से बंगलूरू पहुंची तो फैंस टीम की एक झलक पाने के लिए बेताब दिखे। खिलाड़ियों को विधान सौधा और चिन्नास्वामी स्टेडियम में सम्मानित किया जाना था। विधान सौधा में सम्मान कार्यक्रम के बाद खिलाड़ियों को विक्ट्री परेड करते हुए स्टेडियम पहुंचना था। हालांकि, फैंस की सुरक्षा के लिए कोई व्यवस्था नहीं की गई थी। विधान सौधा से लेकर चिन्नास्वामी स्टेडियम तक, लाखों की संख्या में फैंस मौजूद रहे। वह किसी भी तरह से स्टेडियम के अंदर जाने के लिए बेताब दिखे। वे पेड़, कार, बस, जो भी ऊंची चीज दिखी, उस पर चढ़ गए। इतना ही नहीं फैंस स्टेडियम की दीवार और फेंसिंग पर चढ़ते भी दिखे।स्टेडियम के बाहर पुलिस ने हल्का लाठीचार्ज किया। फिर स्टेडियम के बाहर मची भगदड़ में 11 लोगों की मौत की खबर आई और कई घायल हो गए। उसके बाद से कर्नाटक की कांग्रेस सरकार और भाजपा के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है।

हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए नीचे लिंक पर क्लिक करें।

https://chat.whatsapp.com/JHqYrWnMsu2KY7RyhHU1DY

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *