
रांची। पीएलएफआई का जोनल कमांडर कृष्णा यादव उर्फ सुलतान को रांची जिले की पुलिस द्वारा लोहरदगा जिले के कुडू थाना क्षेत्र से गिरफ्तार करने की सूचना है। बता दे कि कृष्णा यादव लोहरदगा-रांची, खूंटी, लातेहार जिले की पुलिस के लिए सिरदर्द बना हुआ था। पीएलएफआई कमांडर कृष्णा यादव के विरुद्ध रांची जिले के चान्हों, खलारी, मैक्लुसकीगंज थाना, लोहरदगा जिले के कुडू, कैरो, भंडरा, लातेहार जिले के चंदवा, बालूमाथ में कई बडे कांडों में मामले दर्ज हैं। कृष्णा यादव को कई जिले की पुलिस गिरफ्तार करने के लिए लगातार छापेमारी कर रही थी। कृष्णा पर लोहरदगा जिले के कुडू थाना क्षेत्र के लक्ष्मी नगर में बढ़ई मिस्त्री की हत्या, कुडू के मकांदू गांव स्थित क्रेशर में तोड़फोड़, आगजनी व फायरिंग, कैरो और भंडरा थाना क्षेत्र के सीमाने पर नहर मरम्मत योजना में दहशत फैलाने सहित कई कांडों में पुलिस को तलाश थी। कृष्णा को रांची जिले के चान्हो, खलारी और मैक्लुस्कीगंज की पुलिस ने कुडू थाना क्षेत्र के कुडू धोबी टोला के समीप उसके घर से गिरफ्तार कर रांची ले गई। कृष्णा यादव के पास से पुलिस ने एक कार्बाइन और देशी पिस्टल भी बरामद करने की सूचना है। हालांकि पीएलएफआई का जोनल कमांडर कृष्णा यादव गिरफ्तार के मामले में पुलिस का कोई भी अधिकारिक पुष्टि नहीं कर रहा है। चार जिलों के कोयला क्षेत्र में सक्रिय कृष्णा यादव उर्फ सुल्तान को पुलिस ने इससे पहले 30 नवंबर 2021 को लातेहार के बालूमाथ थाना क्षेत्र से गिरफ्तार किया था। उस समय कृष्णा को बालूमाथ थाने ने दो दिनों के रिमांड पर लिया था और उस दौरान 12 सुरक्षाकर्मी को चकमा देकर कृष्णा यादव फरार हो गया था। चार साल बाद जब एक बार फिर कृष्णा यादव को पुलिस ने पकड़ने में कामयाबी पाई है। यह भी बताया जा रहा है कि कृषणा की गिरफ्तारी मोबाइल लोकेशन की मदद से हुई है।
हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए नीचे लिंक पर क्लिक करें।