
गिरिडीह । डुमरी प्रखंड के जोभी ग्राम में धान के खलिहान में आग लगने से एक महिला और उसके 12 वर्षीय पुत्र की आग में जलकर मौत हो गई। शुक्रवार को 1 बजे दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल लाया गया। दोनों के शव जल कर इतने वीभत्स रूप से हो गए हैं कि पहचान करना मुश्किल हो रहा है। वहीं गांव निवासी सोमरा मुर्मू ने बताया कि दोनों शव उनकी पत्नी नुनिया देवी और उनका सबसे छोटा पुत्र 12 वर्षीय चांद मुर्मू का हैं। इन्होंने कहा कि गुरुवार की रात करीब 8 बजे उनकी पत्नी और उनका पुत्र खलिहान में सोने के लिए चला गया और कुछ घंटे के बाद यह वहां पहुंचा तो देखा कि खलिहान में आग लगी हुई थी। जिसपर उसने चीख पुकार मचाया तब तक दोनों की मौत हो गई। उसके 6 बच्चे हैं जिनमें से सबसे छोटा चांद मुर्मू था। इधर घटना की जानकारी मिलते ही मधुबन थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची।
घटना के संबंध में बताया जाता है कि इन दिनों क्षेत्र में खेतों में लगी धान की फसल के तैयार होने पर उसे काटने के बाद गांव से दूर लोग एक निर्धारित स्थल खलिहान में किसान जमा करके रखते हैं। जहां धान को पुआल से अलग करने का कार्य किया जाता है। दिन में घर परिवार के लोग जुट कर इस कार्य का निष्पादन करते हैं।जबकि फसल के चोरी हो जाने या जंगली पशुओं द्वारा नुकसान पहुंचाने की आशंका बनी रहती है। जिस कारण किसान को ही स्वयं उसकी देखभाल करना होता है। ग्रामीणों की आशंका है कि मां अपने पुत्र के साथ खलिहान में ही रात में सोए होंगे जिसमें आग लग जाने से दोनों की मौत हो गई। फिलवक्त गांव में मातम पसरा हुआ है और घटनास्थल के आसपास लोगों की भीड़ जुटी हुई है। घटना की खबर सुनकर स्थानीय विधायक जयराम कुमार महतो घटनास्थल पर पहुंच कर पीड़ित परिवार का ढाढस बंधाया और हर सुख दुख में साथ खड़े रहने की बात कही। इधर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल लाया।
हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए नीचे लिंक पर क्लिक करें।
https://chat.whatsapp.com/JFw1xz8Rrz33p6cdtYJXaT
