आरक्षण के लिए मराठा समाज का आंदोलन हुआ उग्र

-जालना में रेल रोकी गई, छत्रपति संभाजीनगर में भाजपा विधायक का कार्यालय की तोडफ़ोड़, जालना में समृद्धि हाईवे रोका गया

-मनोज जारांगे पाटिल ने कहा -तोडफ़ोड़ और आगजनी में सरकारी में बैठे लोगों के शामिल होने की आशंका

-राकांपा सांसद सुप्रिया सुले ने कहा -गृहमंत्रालय फेल, गृहमंत्री इस्तीफा दें

मुंबई। मराठा आरक्षण के लिए सोमवार को मराठा क्रांति मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने उग्र रुप धारण करते हुए कई नेताओं के घर, कार्यालय ,सरकारी कार्यालयों में आगजनी और तोडफ़ोड़ की है। इस तोडफ़ोड़ और आगजनी की घटनाओं पर मराठा नेता मनोज जारांगे ने कहा कि सरकारी पक्ष में बैठे लोग की ओर से इस तरह का कृत्य किए जाने की आशंका है। उन्होंने मराठा समाज को शांतिपूर्वक आंदोलन करने की अपील की है। जबकि राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी की सांसद सुप्रिया सुले कहा कि जनप्रतिनिधियों की घर कार्यालय फूंक दिया जा रहे हैं। यह टोटल इंटेलीजेंस फेल्योर है। गृह मंत्रालय कहां हैं। गृहमंत्री को अपने पद से इस्तीफा दे देना चाहिए। उधर मराठा नेताओं की उग्रता को देखते हुए प्रशासन ने केंद्रीय मंत्री नारायण राणे, मंत्री छगन भुजबल सहित कई नेताओं के घर पर पुलिस सुरक्षा बढ़ा दिया है।

मराठा आरक्षण की मांग को लेकर आज सुबह से ही मराठा आंदोलन कारियों ने राकांपा विधायक प्रकाश सोलंके के घर में आग लगा कर की थी। इसके बाद उग्र मराठा आंदोलनकारियों ने बीड़ में ही राष्ट्रवादी भवन में आग लगा दिया। इसके बाद आंदोलन कारियों ने बीड़ में विधायक विधायक संदीप क्षीरसागर और पूर्व मंत्री जयदत क्षीरसागर के कार्यालय में आग लगा दी। इतना ही नहीं मराठा आंदोलन कारियों ने विधायक प्रकाश सोलंके के भाई धैर्यशील सोलंके का बंगला भी फूंक दिया। बीड में ही मंत्री छगन भुजबल के कार्यकर्ता सुभाष राउत के होटल में आग लगा दी गई है। आंदोलनकारियों ने बीड़ नगर निगम के कार्यालय को भी फूंक दिया है। छत्रपति संभाजीनगर में मराठा कार्यकर्ताओं ने भाजपा विधायक प्रकाश बंब का कार्यालय तोड़ दिया। इतना ही नहीं उग्र मराठा आंदोलन कारियों ने जालना में बदनपुर और शेलगांव स्टेशन के बीच रेलवे को रोकने का प्रयास किया , जबकि जालना में समृद्धि हाईवे को कई घंटे तक बंद रखा। महाराष्ट्र के कई जिलों में मराठा आंदोलन कारियों ने हाईवे पर टायर जलाकर यातायात अवरुद्ध किया। खबर लिखे जाने तक मराठा आंदोलन कारियों का उग्र आंदोलन कई शहरों में जारी है।

मनोज जारांगे पाटिल ने आज सुबह राकांपा विधायक प्रकाश सोलंके का घर जलाए जाने के बाद कहा था कि सोलंके ने कभी मराठा समाज के बारे में गलत व्यक्तव्य दिया होगा। लेकिन शाम को मनोज जारांगे ने कहा कि मराठा समाज के लोग आगजनी और तोडफ़ोड़ में शामिल नहीं हो सकते। इस तरह की तोडफ़ोड़ और आगजनी उनके आंदोलन को बदनाम करने के लिए सरकारी पक्ष के लोगों द्वारा किए जाने की आशंका है। जारांगे पाटिल ने मराठा समाज के लोगों से अपील की है कि कोई भी आंदोलन शांतिपूर्वक करें अन्यथा उन्हें अलग निर्णय लेना पड़ेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *