जलडेगा : जलडेगा थाना क्षेत्र के बड़कीटांगर झरिया डीपा गांव के सड़क पर पत्थर से कूच कर एक युवक की हत्या कर दी गई। मृतक के सिर को बुरी तरह पत्थर से कूच दिया गया है। घटना रविवार रात 7 बजे लगभग की बताई जाती है। पुलिस ने शव की पहचान मंगल बाघवार उर्फ ढेमा, 30 वर्ष, पिता बुधु खड़िया झरिया डीपा निवासी के रूप में की है। प्राप्त जानकारी के अनुसार रविवार दिन में ही मंगल बाघवार अपने घर से जलावन लकड़ी बेचने गांव के साप्ताहिक बाजार गया था, देर शाम घर वासप नहीं होने पर उसकी पत्नी छोटे – छोटे दो बच्चों के साथ अपने पति मंगल को खोजने निकल गई। घर से लगभग पांच सौ मीटर जाने पर बीच सड़क में पति का शव पड़ा देख, पत्नी ने देर रात ही गांव के लोगों को घटना के संबंध में जानकारी दी और देर रात ही ग्रामीणों के माध्यम से जलडेगा थाना को जानकारी दिया गया।सूचना उपरांत सोमवार अहले सुबह थाना प्रभारी हीरालाल महतो दल बल के साथ घटनास्थल पहुंच शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल सिमडेगा भेज दिया। वहीं पुलिस ने घटनास्थल से एक बड़ा पत्थर को भी जब्त किया है जिस पत्थर से युवक की बेरहमी से कूच कर हत्या की गई थी। मृतक की पत्नी ने बताया कि पति की हत्या बदले की भावना से किया गया है। मृतक के पत्नी ने कहा एक महिला बाजार में पति को धमकी दी थी और घटना को अंजाम देने के लिए एक युवक को भी बुलाया था। उसका पति लकड़ी बेचकर घर वापस हो रहा था तब बीच रास्ते में घटना को अंजाम दिया गया। इधर पत्नी ने कहा कि पति के कमाई पर पुरा परिवार आश्रित है लकड़ी बेचकर परिवार का भरण पोषण होता था। तीन बच्चों की परवरिश को लेकर मां का रो-रो कर बुरा हाल है। पत्नी बार बार गांव छोड़कर भाग जाने की बात कह रही है और पुलिस से न्याय की गुहार लगा रही है। थाना प्रभारी हीरालाल महतो ने कहा की हत्या के कारणों का पता नही चला है, पुलिस हरेक बिंदुओं को जोड़कर मामले की तहकीकात में लगी है। थाना प्रभारी हीरालाल महतो ने कहा जो भी आरोपी होंगे उन्हें छोड़ा नही जायेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *