रामगढ़। धनबाद बम विस्फोट वारदात की मुख्य आरोपित गुड़िया ने अपनी पहचान छुपाने के लिए ने दूसरी शादी कर ली थी। इस मामले का खुलासा तब हुआ जब धनबाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया। अभी तक धनबाद पुलिस गुड़िया देवी को पिंटू वर्णवाल की पत्नी के रूप में जान रही थी लेकिन जब गुड़िया पकड़ी गई तो उसका पति सचिन मिला। बेहद शातिराना तरीके से गुड़िया देवी ने अपने घर में लगभग 250 जिलेटिन छुपा कर रखा था।

10 महीने तक मायके में छुपी रही थी गुड़िया

धनबाद जिले की थाना क्षेत्र अंतर्गत लोको बाजार में 8 जनवरी को बम विस्फोट हुआ था। गुड़िया का पति पिंटू वर्णवाल अपनी बाइक से विस्फोटक लेकर जा रहा था। इसी दौरान रास्ते में विस्फोट हो गया। इस वारदात में पिंटू वर्णवाल समेत 6 लोग घायल हो गए थे। इलाज के दौरान पिंटू की अस्पताल में मौत हो गई। पुलिस जब गुड़िया देवी के घर छापेमारी करने पहुंची तो वहां से 264 जिलेटिन बरामद किया था।

पुलिस की आंखों में धूल झोंक कर जब गुड़िया अपने मायके रामगढ़ पहुंची तो उसने यहां छुपने के लिए एक नई योजना तैयार की। बाजार समिति के पीछे सुनसान इलाके में वह अपने मां के घर रह तो रही थी लेकिन उसे एक नया छत छुपने के लिए चाहिए था। उसने एक बेहद शातिर इंसान सचिन वर्णवाल से रजरप्पा मंदिर में शादी की। उसकी पत्नी बनाकर उसके घर में रहने लगी।

जून महीने में सचिन चला गया जेल, तो बाहर निकली गुड़िया

सचिन की पत्नी बनने के बाद गुड़िया ने अपनी पहचान को ऐसे छुपा कर रखा कि पुलिस को भनक तक नहीं लग सकी लेकिन जून महीने में सचिन खुद एक मामले में जेल चला गया। इसके बाद गुड़िया के सामने कोई रास्ता नहीं बचा। गुड़िया जब बाहर निकली तब पुलिस को इसकी सूचना मिलने लगी। धनबाद पुलिस उसे तलाशते हुए रामगढ़ पहुंची और शुक्रवार को उसे गिरफ्तार कर लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *