धौलपुर। धौलपुर जिले के राजाखेडा विधान सभा क्षेत्र के कांग्रेस मंडल अध्यक्ष मेहताब सिंह की शुक्रवार देर शाम गोली मारकर हत्या कर दी गई। गोली लगने के बाद में गंभीर हालत में मेहताब सिंह को उपचार के लिए धौलपुर के जिला अस्पताल लाया गया,जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मनियां थाना क्षेत्र के मनियां-मांगरोल इलाके में हुए इस हत्याकांड के बाद में आरोपित मौके से भाग निकले। हत्याकांड की पृष्ठभूमि में पुरानी राजनीतिक रंजिश की बात सामने आ रही है।

प्राप्त जानकारी के मुताबिक धौलपुर जिले के राजाखेडा विधानसभा क्षेत्र के मांगरोल के कांग्रेस मंडल अध्यक्ष मेहताब सिंह को मनियां-मांगरोल में शुक्रवार देर शाम सरेआम गोली मार दी गई। मृतक के परिजनों के मुताबिक शनिवार को मांगरोल गांव में पटवार घर का शुभारंभ होना था। जिसकी तैयारियों को लेकर मेहताब सिंह पास के मनियां कसबे में टेंट वाले से बात करने तथा कुछ सामान लेने गए थे। तभी चार बाइक पर आए करीब एक दर्जन लोगों ने मेहताब सिंह पर गोलियों की बौछार कर दी। अंधाधुंध फायरिंग में करीब 50 वर्षीय मेहताब सिंह पुत्र प्रदुमन सिंह निवासी जलालपुर की मौत हो गई। वारदात के बाद में पुलिस ने कांग्रेस मंडल अध्यक्ष का शव जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है। पुलिस द्वारा जिले में नाकाबंदी लगाकर हत्याकांड के आरोपितों की तलाश की जा रही है। कांग्रेस जिला अध्यक्ष साकेत बिहारी शर्मा ने बताया कि ब्लाक अध्यक्षों के साथ साथ कांग्रेस की ओर से जिले में सभी चारों विधानसभा क्षेत्रों में 11-11 मंडल अध्यक्ष बनाए गए थे। संगठन के विस्तार की इस कवायद में इसी क्रम में राजाखेडा विधानसभा क्षेत्र में मेहताब सिंह को मांगरोल का मंडल अध्यक्ष बनाया गया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *