पटना । हेतनपुर गांव के पांच दोस्त रविवार सुबह गंगा नदी में स्नान करने के लिए घाट पर पहुंचे थे. स्नान के दौरान अचानक तीन बच्चों का पैर गहरे पानी में चला गया और वे डूबने लगे. साथ मौजूद दो बच्चों ने उन्हें बचाने की कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिली. देखते ही देखते तीनों बच्चे नदी की तेज धारा में समा गए. घटना के बाद दोनों बच्चे घबराए हुए गांव पहुंचे और परिजनों को हादसे की जानकारी दी. सूचना मिलते ही गांव के लोग और परिजन गंगा घाट की ओर दौड़े. काफी खोजबीन और प्रयास के बाद तीनों बच्चों को नदी से बाहर निकाला गया और तत्काल अनुमंडलीय अस्पताल ले जाया गया. अस्पताल में चिकित्सकों ने ईसीजी जांच के बाद तीनों बच्चों को मृत घोषित कर दिया. मृतकों की पहचान हेतनपुर निवासी धर्मवीर राय के 10 वर्षीय पुत्र पीयूष कुमार, सत्येंद्र राय के 11 वर्षीय पुत्र तेज कुमार और अमिताभ बच्चन के 7 वर्षीय पुत्र प्रिंस कुमार के रूप में हुई है. हादसे की खबर फैलते ही पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई. तीन-तीन घरों के चिराग बुझ जाने से गांव का माहौल गमगीन हो गया। परिजनों के विलाप से माहौल भावुक हो उठा. घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया. बाद में शव परिजनों को सौंप दिए गए. मृतक परिवारों से स्थानीय जनप्रतिनिधियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने मुलाकात कर सांत्वना दी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *