पर्चा छोड़कर अंजाम भुगतने व जान से मारने की दी धमकी,पुलिस की जांच जारी

@Banty Kumar

कुंदा (चतरा):- थाना क्षेत्र के गेंद्रा गांव में अपराधियों ने एक बार फिर दुस्साहसिक वारदात को अंजाम देकर पुलिस को खुली चुनौती दी है।शनिवार की मध्य रात्रि अपाचे बाइक से पहुंचे अपराधियों ने एक घर पर उत्पात मचाया।दरवाजा नहीं खुलने पर उन्होंने घर के समीप खड़े बोलेरो वाहन(जेएच 01एफएम 9473)में आग लगा दी,जिससे वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।जानकारी के अनुसार गेंद्रा गांव पूर्व में भी विवाद और आपराधिक घटनाओं को लेकर चर्चा में रहा है।गत माह पूर्व यहां गोलीबारी की घटना भी हुई थी।ताजा घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है।
भुक्तभोगी सफेंद्र गंझू पिता स्वo गुलाबचंद गंझू ने बताया कि उपचार को लेकर परिवार के साथ रांची गए हुवे थे जहां मुझे जानकारी परिजनों ने दी की देर रात अपराधी उनके घर पहुंचे और दरवाजा खुलवाने का प्रयास किया।दरवाजा नहीं खोलने पर उन्होंने जान से मारने तथा अंजाम भुगतने की धमकी दी।इसके बाद घर के पास खड़े बोलेरो वाहन को आग के हवाले कर दिया।अपराधी मौके पर एक पर्चा भी छोड़ गए,जिसमें धमकी भरे संदेश लिखे होने की बात कही जा रही है।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।पुलिस पर्चे, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान तथा अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की तह तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।
थाना प्रभारी प्रिंस कुमार सिंह ने बताया कि मामले के हर पहलू की गंभीरता से जांच की जा रही है।दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।पुलिस विभिन्न बिंदुओं पर जांच कर रही है और जल्द ही घटना का खुलासा करने का प्रयास किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *